
— लेबनान के अधिकारियों ने शनिवार को बताया था कि इसराइली हमलों में देश में 11 लोगों की मौत हो गई ।
— तस्वीर में- हमलों के बाद मलबे के बीच खड़ी एक औरत
World News Live । अरब लीग ने लेबनान पर इसराइल के लगातार हमलों की निंदा करते हुए शनिवार के इसराइली हमलों को तनाव में एक “ख़तरनाक बढ़ोतरी” बताया है । इन हमलों में दक्षिणी लेबनान में 11 लोग मारे गए ।
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ अरब लीग ने कहा है कि यह हमला लड़ाई को समाप्त करने और समाधान तक पहुंचने के प्रयासों को पटरी से उतार सकता है ।
अरब लीग के प्रवक्ता ने कहा कि इसराइल की नीतियां और कार्रवाइयां “स्पष्ट रूप से क़ब्ज़ा करने वालों के संघर्ष को लंबा खींचने,वार्ताओं में बाधा डालने और ज़मीन पर एक नई वास्तविकता थोपने के इरादे को दिखाती हैं । जो पूरी तरह से अस्वीकार्य और अस्वीकृत है ।”
उन्होंने इन संघर्षों के फैलने की चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक अंतरराष्ट्रीय समुदाय और विशेष रूप से अमेरिका, इसराइल की “युद्ध मशीन” को नहीं रोकता और देश को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 का पालन करने के लिए मजबूर नहीं करता, तब तक यह संघर्ष बढ़ता रहेगा ।
इस प्रस्ताव में इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच शत्रुता को पूरी तरह से समाप्त करने की अपील की गई है और हिज़्बुल्लाह के सभी हमलों के साथ-साथ इसराइल के सभी आक्रामक सैन्य अभियानों को तुरंत समाप्त करने पर ज़ोर दिया गया है ।
लेबनानी अधिकारियों ने शनिवार को बताया था कि देश के दक्षिणी इलाक़े में इसराइली हमलों में 11 लोगों की मौत हो गई । जून में तनाव कम करने के मक़सद से एक समझौते की घोषणा के बाद यह सबसे घातक हमलों में से एक था ।
लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ़ सलाम ने हमलों की निंदा करते हुए कहा कि मारे गए सात नागरिक “सैन्य ढांचा” नहीं थे ।
उन्होंने कहा, “इसराइल को यह तनाव बढ़ाना बंद करना चाहिए । हमारे लोगों की सुरक्षा और अपनी ज़मीन पर जीने का उनका अधिकार बातचीत या सौदेबाज़ी का विषय नहीं है ।”
