वाराणसी (उत्तर प्रदेश) । मिर्जामुराद स्थित कल्लीपुर में 77 एकड़ भूमि पर विकसित हो रही अत्याधुनिक टाउनशिप ‘आनंद काशी’ का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे । विकास प्राधिकरण (वीडीए) और जिला प्रशासन ने इस भव्य आयोजन की तैयारियां तेज कर दी हैं । रेरा से मंजूरी मिलने के बाद परियोजना के प्रवेश द्वार और चारदीवारी का निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है ।
पहले चरण में 45.5 एकड़ भूमि पर 1004 आवासीय प्लाट निकाले गए हैं । जिनका आवंटन एक माह बाद लकी ड्रा के माध्यम से किया जाएगा । पितृपक्ष के कारण रोकी गई ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया नवरात्र से शुरू होगी । परियोजना में 72 से लेकर 288 वर्गमीटर तक के प्लाट उपलब्ध होंगे । निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आईआईटी बीएचयू से विशेष अनुबंध किया गया है ।
पूरी टाउनशिप में चौड़ी सड़कों के अलावा 14 थीम आधारित पार्क, स्कूल,हेल्थकेयर सेंटर,क्लब और एसटीपी की सुविधा होगी । परिसर के नटराज पार्क में भव्य प्रतिमा और फाउंटेन के साथ 3.71 एकड़ में हरा-भरा मियावाकी वन विकसित किया जाएगा । चौबीसों घंटे सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और केंद्रीय कंट्रोल रूम की व्यवस्था रहेगी ।
