— बक्शा पुलिस ने एक अभियुक्त और बाल अपचारी को किया गिरफ्तार, चोरी के शत-प्रतिशत जेवरात बरामद
जौनपुर । बक्शा थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में दिनदहाड़े हुई नकबजनी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक अभियुक्त और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए करीब 18 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की है । पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी रिश्ते में मामा-भांजे हैं ।
पुलिस के मुताबिक परशुरामपुर गांव निवासी मंजू देवी पत्नी स्वर्गीय अमित कुमार उपाध्याय दो नवंबर को स्कूल ड्यूटी पर गई थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उनके घर में रखे बक्से का ताला और कब्जा तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी कर ली । पीड़िता की तहरीर पर बक्शा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 548/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था ।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम जुटी थी इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने निकेत पाण्डेय उर्फ भोलू निवासी भुलनिया, थाना सरपतहां और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया । पूछताछ में सामने आया कि बाल अपचारी ने मंजू देवी की बेटी को मोबाइल में एप्लीकेशन डाउनलोड कराने के बहाने व्यस्त रखा । इसी दौरान निकेत घर में घुसकर बक्से का ताला तोड़ते हुए जेवरात और रुपये लेकर छतों के रास्ते फरार हो गया । बाद में दोनों ने सुनसान स्थान पर चोरी के जेवरात आपस में बांट लिए थे ।
पुलिस के अनुसार दोनों चोरी के जेवरात बेचने के लिए वाराणसी जाने की फिराक में थे,लेकिन इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए । गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार सोने की चेन,एक हार, कान के झुमके-बालियां, अंगूठियां, मंगलसूत्र, चांदी की तीन जोड़ी पायल सहित अन्य जेवरात तथा 400 रुपये नकद बरामद हुए ।
बरामदगी को पीड़िता ने अपने चोरी हुए जेवरात के रूप में प्रमाणित किया है । पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317 (2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है । गिरफ्तार अभियुक्त और बाल अपचारी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए संबंधित न्यायालय भेजा गया ।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रशान्त कुमार सिंह, उप निरीक्षक राम भवन यादव, मुन्नीलाल कन्नौजिया सहित हेड कांस्टेबल शिवप्रकाश यादव तथा आरक्षी अम्बिकेश दीक्षित, हिमांशु सिंह और गौतम साहनी शामिल रहे ।
