– सुपर सीडर, पावर टिलर और लेजर लैंड लेवलर समेत विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए मिला लाभ
जौनपुर । किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों से जोड़ने और खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से कृषि विभाग की अनुदान योजनाओं के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ई-लॉटरी का आयोजन किया गया । इसमें विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ देने के लिए कुल 19 किसानों का चयन किया गया ।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति (डीएलईसी) की देखरेख में चयन प्रक्रिया संपन्न हुई । यह ई-लॉटरी कृषि निदेशालय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन की उप योजना सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन तथा फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित योजना के तहत आयोजित की गई ।
चयनित किसानों को विभिन्न श्रेणियों के कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ मिलेगा । इनमें तीन सुपर सीडर, दो पावर टिलर, एक पावर चेफ कटर,एक स्ट्रारीपर,एक मिनी राइस मिल,एक कस्टम हायरिंग केंद्र (ग्रामीण उद्यमी),दो क्राप रीपर ट्रैक्टर माउंटेड/सेल्फ प्रोपेल्ड, तीन लेजर लैंड लेवलर,एक मल्टी क्राप थ्रेशर,एक ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस,दो आलू बोने की मशीन तथा एक पैडी स्ट्रा चॉपर/श्रेडर/मल्चर शामिल हैं ।
कृषि यंत्रों के लिए किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया गया । इससे किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने और कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी ।
