कुछ महत्वपूर्ण तथ्य —
✓ संस्थागत प्रसव कम पाए जाने पर सीएमओ का वेतन रोकने के निर्देश
✓ शहर में साफ सफाई का कार्य संतोषजनक न पाए जाने व सड़क के किनारे कूड़े का ढेर होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद सदर के निलंबन हेतु शासन स्तर पर पत्राचार करने के दिए निर्देश
✓ संस्थागत प्रसव कम पाए जाने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी का वेतन रोकने के दिए निर्देश
✓ चिन्हित सैम बच्चों के अभिभावकों को संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यक्रमों से जोड़ें- मंडलायुक्त
✓ समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित दीपो से जनपद में दीपावली के अवसर पर भव्य एवं दिव्य दीपोत्सव मनाया जाय –मंडलायुक्त

फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) । मंडलायुक्त प्रयागराज मंडल डॉ0 लोकेश एम0 की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई । उन्होंने केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा कर अद्यतन स्थिति को जाना और संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।
समीक्षा के दौरान शहर में साफ सफाई का कार्य संतोषजनक न होने एवं रोड में कूड़े का ढेर व विद्युत पोल पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद सदर के निलंबन हेतु शासन स्तर पर पत्राचार करने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायतों के कार्यों की नियमित प्रभावी ढंग से समीक्षा करें ।
जनपद में संस्थागत प्रसव 60 प्रतिशत होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी का वेतन तब तक आहरित न किया जाय । जब तक संस्थागत प्रसव 80 प्रतिशत न हो जाय ।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि महिलाओं, बच्चों का नियमित टीकाकरण व अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं संवेदनशीलता के नागरिकों को उपलब्ध कराएं । उन्होंने कहा कि जनपद में चिन्हित सैम बच्चों के अभिभावकों को जो अभी तक संचालित योजनाओं (शौचालय,पेंशन, जाब कार्ड, राशन कार्ड, आवास, आयुष्मान कार्ड एवं स्वयं सहायता समूह से जोड़ने आदि) से पात्रता के आधार पर संतृप्त नहीं हुए है । जिसको हर हाल में इन योजनाओं से संतृप्त कराना सुनिश्चित करें और जो बच्चे सैम की श्रेणी से बाहर आ गए है कि नियमित लम्बाई,वजन की जांच करते हुए,साथ ही सैम बच्चों के परिवार को पोषाहार व सभी अनुमन्य स्वास्थ्य सुविधाएं नियमित मुहैया कराए ।
उन्होंने कहा कि जनपद में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी की टंकियों एवं अन्य जो परियोजनाएं पूरी हो चुकी है जिसका जिला स्तरीय अधिकारियों से गुणवत्ता की जांच कराकर रिपोर्ट से अवगत कराए ।
उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों की सरकारी भूमि ग्राम समाज,खलिहान,परती,तालाब,चारागाह आदि की भूमि को सम्पत्ति रजिस्टर में दर्ज करते हुए यदि इन भूमि पर अतिक्रमण है तो तत्काल अतिक्रमण हटाये एवं जो तालाब अतिक्रमण मुक्त होते है कि सूची मुख्य विकास अधिकारी को सौंपे जिससे उन तालाबों के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा सके ।
उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी से कहा कि जो तालाब की जमीन चिन्हित हो वह यदि तालाब के स्वरूप में है तो उसमें पाथवे, तार का घेरा अथवा तालाब के स्वरूप में नहीं है तो तालाब के स्वरूप में लाया जाय ।
उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी ग्राम पंचायतों में बने सामुदायिक शौचालय की जांच करते हुए यदि मेंटिनेंस की आवश्यकता है तो मेंटिनेंस कराए, साथ ही सामुदायिक शौचालय परिसर में आवश्यकतानुसार सौंदर्यीकरण भी कराए ।
उन्होंने अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया कि जनपद में इस वित्तीय वर्ष में जो भी सड़के/कार्य आवंटित हुए है कि सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण कराते हुए कार्य प्रारंभ कराएं साथ ही जिन सड़को में गड्ढे है, जिस को गड्ढामुक्त कराते हुए फोटो सहित रिपोर्ट से अवगत कराएं ।
उन्होंने कहाकि सीएम डैस बोर्ड में जिन योजनाओं की रैंकिंग B,C, D है संबंधित अधिकारी कार्ययोजना बनाकर अपनी रैंकिंग में सुधार करें ।
उन्होंने कहा कि दीपवाली के त्यौहार को भव्य तरीके से दीपोत्सव के रूप में मनाया जाय तथा दीपक बनाने का कार्य स्वयं सहायता समूह की दीदियों के माध्यम से कराया जाय,साथ ही स्वयं सहायता समूह की दीदियों को और अधिक आर्थिक सशक्त बनाने के लिए नियमित समीक्षा और नवाचार किया जाय ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मंडलायुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माननीय द्वारा दिए गए निर्देशों/सुझावो को अमल में लाते हुए शत प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा । जिलाधिकारी ने मंडलायुक्त को श्रीगणेश की प्रतिमा भेंट की ।
बैठक में मुख्यविकास अधिकारी पवन कुमार मीना,अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उपजिलाधिकारी सदर, बिन्दकी, खागा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी,अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी,सिंचाई, अधीक्षण अभियंता विद्युत सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे ।
