अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के प्रमुख अभियोजक ने यूक्रेन पर आक्रमण के दौरान संभावित युद्ध अपराधों के लिए रूस के ख़िलाफ़ जांच की घोषणा की है ।
करीम ख़ान ने लिखित बयान में कहा, “यूक्रेन की परिस्थितियों की शुरुआती जांच में मेरे दफ़्तर ने ये पाया है कि ये मानने का पर्याप्त आधार है कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के न्यायिक क्षेत्र में अपराध घटित हुए हैं । हमने ऐसे संभावित मामलों की पहचान की है जिन्हें स्वीकार कर लिया जाएगा ।”
प्रमुख अभियोजक ने सोमवार को कहा था कि वो अदालत से जांच शुरू करने की अनुमति चाहेंगे । लेकिन अब ब्रिटेन समेत 38 देशों ने जांच की मांग कर दी है जिसका मतलब है कि अब अभियोजक तुरंत जांच शुरू कर सकते हैं ।
इसी बीच संयुक्त राष्ट्र ने बताया है कि यूक्रेन पर रूस के हमले के पहले पांच दिनों के दौरान ही 227 आम नागरिकों की मौत हो गई थी । अधिकारियों का कहना है कि इस दौरान यूक्रेन में 527 लोग घायल भी हुए ।
जेनेवा में जारी एक बयान में कहा गया है कि अधिकतर लोगों की मौत बमबारी की चपेट में आने से हुई है । संस्था ने कहा है कि आशंका है कि मरने वालों की वास्तविक संख्या इससे कहीं ज़्यादा हो सकती है ।
यूक्रेन का कहना है कि रूस की बमबारी में अब तक कम से कम दो हज़ार आम नागरिकों की मौत हो चुकी है । हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है । वहीं ख़ारकीएव, ख़ेरसान और मारियुपोल जैसे शहरों में बड़े पैमाने पर आम लोगों की मौत की रिपोर्टें आ रही हैं ।
