कानपुर । महाराजपुर विधानसभा से आठवीं बार जीतकर लखनऊ विधानसभा में पहुंचे सतीश महाना अब उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष है ।
आज दिनांक एक अप्रैल दिन शुक्रवार को नवनिर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का कानपुर में प्रथम आगमन हुआ । जिस पर उनके समर्थकों ने स्वागत के लिए जोरदार तैयारियां कर ली । भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने फूल माला पहनाकर सतीश महाना का भव्य स्वागत किया ।
बीजेपी के कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री सतीश महाना निर्विरोध यूपी विधानसभा के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं । सतीश महाना के विधानसभा अध्यक्ष बनने से कानपुर को एक बार फिर सम्मान मिला है । वह बिना किसी विरोध के यूपी विधानसभा अध्यक्ष बने हैं और अब स्पीकर चुने जाने के बाद सतीश महाना पूरे सदन के मुखिया होंगे और सदन को चलाने की जिम्मेदारी होगी ।
बताते चले कि यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में रिकार्ड मतों से जीत हासिल करके आठवीं बार विधायक बनकर लखनऊ विधानसभा पहुंचे है । उत्तर प्रदेश में सरकार किसी भी पार्टी की रही हो लेकिन सतीश महाना का दबदबा हमेशा कायम रहा है वो सतीश महाना कल्याण सिंह,मायावती और योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री रह चुके हैं । उन्होंने जब से राजनीति में कदम रखा है वो हमेशा आगे बढ़ते गए हैं ।
