कर्नाटक के चामाराजानगर ज़िले के एक अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी के कारण कम से कम 12 कोरोना संक्रमित मरीज़ों की मौत हो गई है । ये अस्पताल मैसूर शहर से 60 किलोमीटर दूर है ।






चामाराजानगर इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस के डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद मरीज़ों का ऑक्सीजन लेवल सामान्य नहीं किया जा सका और उनकी मौत हो गई ।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर जीएम संजीव ने बीबीसी हिंदी को बताया, ”रात 12 बजे 2 बजे के बीच ऑक्सीजन प्रेशर कम हो गया । 122 रोगियों में से, 12 मरीज़ कोविड के अलावा भी किसी न किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे । हमने प्रेशर को बढ़ाने की कई कोशिशें की लेकिन आज सुबह तक हम 12 मरीजों को नहीं बचा सके ।”
ये सारे मरीज़ वेंटिलेटर पर थे –
डॉक्टर संजीव ने बताया कि ऑक्सीज़न का प्रेशर नीचे गिरा तो ऑक्सीज़न की सप्लाई रूक गई ।
उन्होंने बताया, ”हर 35 मिनट पर हमें 10 ऑक्सीजन सिलेंडर की ज़रूरत होती है, लेकिन हमें ऑक्सीजन मिलने में देरी हुई और रात 12 बजे से 2 बजे के बीच ऑक्सीजन लेवल नीचे गिर गया ।”
”दरअसल,ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचने में देरी लॉजिस्टिक कारणों से हुई थी क्योंकि हमें ऑक्सीजन मैसूर प्लांट से मिलती है । कुल मिलाकर हमें 200 सिलेंडर मिले हैं, 50 सिलेंडर अभी स्टॉक में हैं और कुछ नए सिलेंडर आने वाले भी हैं ।”
इसके अलावा 11 अन्य मरीज़ों की भी अस्पताल में मौत हो गई हालांकि ये मरीज़ ऑक्सीजन सपोर्ट पर नहीं थे और इनकी मौत का कारण कुछ और था ।
