कोविड महामारी पर स्वास्थ्य मंत्रालय की मीडिया ब्रीफ़िंग में मौजूद रहे एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि “सीटी-स्कैन और बायोमार्कर का दुरुपयोग किया जा रहा है । हल्के लक्षण होने पर सीटी-स्कैन कराने का कोई फ़ायदा नहीं है । एक सीटी स्कैन 300 बार छाती का एक्स-रे कराने के बराबर है । यह बहुत नुकसानदेह है ।”
एम्स के निदेशक डॉ. गुलेरिया ने कहा कि होम आइसोलेशन में रह रहे लोग अपने डॉक्टर से संपर्क करते रहें । सेचुरेशन 93 या उससे कम हो रहा हो, बेहोशी जैसे हालात हों, छाती में दर्द हो रहा है तो एकदम डॉक्टर से संपर्क करें ।
ब्रीफ़िंग में मौजूद स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कोरोना महामारी को लेकर होने वाली ब्रीफ़िग में बताया कि देश में 12 ऐसे राज्य हैं । जहां कोरोना वायरस के एक्टिव केस एक लाख से भी ज़्यादा हैं । सात राज्यों में यह आंकड़ा पचास हज़ार से एक लाख के बीच है । इसके अलावा 17 राज्य ऐसे हैं जहां सक्रिय मामले पचास हज़ार से कम हैं ।
CT-SCan and biomarkers are being misused. There is no advantage in doing CT-Scan if you have mild symptoms. One CT-Scan is equivalent to 300 chest x-rays, it's very harmful: AIIMS Director Dr. Randeep Guleria pic.twitter.com/fBX19cwRcD
— ANI (@ANI) May 3, 2021
उन्होंने देश में कोरोना की स्थिति का ज़िक्र करते हुए बताया कि देश में अभी तक 81.77 फ़ीसद मामले ठीक हुए हैं । देश में क़रीब 34 लाख सक्रिय मामले हैं । देश में कोरोना संक्रमण से अभी तक दो लाख के क़रीब लोगों की मृत्यु हो चुकी है । बीते 24 घंटे में 3417 लोगों की मौत हुई है ।

लव अग्रवाल ने बताया कि कुछ राज्यों में जैसे मध्य प्रदेश और दिल्ली में हर रोज़ आने वाले संक्रमण के मामलों में शुरुआती कमी देखने को मिल रही है । वहीं दूसरी ओर कुछ राज्यों में कोविड19 क मामलों में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है । लव अग्रवाल ने कहा कि इन राज्यों को और अधिक सावधानी बरतनी चाहिए ।
आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, चंडीगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय को और अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए ।
