फतेहपुर । जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फतेहपुर श्री संतोष राय की अध्यक्षता में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 13 अगस्त 2022 के सफल आयोजन हेतु प्रशासन स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक आहूत की गयी ।
बैठक में मो0 अहमद खाॅन अपर जिला एवं सत्र न्यायालय, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत फतेहपुर,श्रीमती रोमा गुप्ता सचिव (पूर्ण कालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फतेहपुर,मुख्य विकास अधिकारी श्री सत्य प्रकाश,श्री विनय कुमार पाठक अपर जिलाधिकारी,श्री राजेश कुमार अपर पुलिस अधीक्षक,फतेहपुर श्री नन्द प्रकाश मौर्य उपजिलाधिकारी सदर, श्री शशि भूषण तहसीलदार बिन्दकी एवं श्रीमती मीरा सिंह नगर पालिका फतेहपुर उपस्थित रहे ।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फतेहपुर द्वारा पुलिस प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी श्री राजेश कुमार अपर पुलिस अधीक्षक, को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 13 अगस्त 2022 के लिए प्रेषित सम्मन/नोटिसों को ससमय तामिला सुनिश्चित कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया । पुलिस प्रशासन स्तर से आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक स्तर से प्रचार-प्रसार किये जाने के निर्देश दिया गया ।
प्रशासन की ओर से उपस्थित नोडल अधिकारी श्री विनय कुमार पाठक अपर जिलाधिकारी को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन स्तर के वादो को चिन्हित किये जाने एवं प्री-ट्रायल स्तर के मामले जैसे वरासत न,खतौनी,आय,जाति,भवन मानचित्र,जन्म मृत्यु पंजी करण, लोक शिकायत आदि प्रकृति के मामले चिन्हित कर ज्यादा से ज्यादा निस्तारित किये जाने के निर्देश दिये गये । साथ ही अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद फतेहपुर को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक जलकर,ग्रहकर से सम्बन्धित व अन्य प्रकार के प्री-लिटिगेशन मामलो को जनपद के समस्त नगर पंचायतो से प्राप्त कराना एवं व्यापक प्रचार-प्रसार कराना सुनिश्चित करे ।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को निर्देशित किया गया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 13.08.2022 का व्यापक प्रचार प्रसार पराविधिक स्वयं सेवको,प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के माध्यम से समन्वय स्थापित कर एल0ई0डी के माध्यम से एवं विभिन्न स्थानों में लगे लाउड स्पीकर के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार-प्रसार किया जाए, साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रेषित नोटिसो का अधिक से अधिक तामिला कराया जाना सुनिश्चित करे ।
