फतेहपुर । बिंदकी पुलिस व सर्विलांस सेल टीम ने गत दिवस बिंदकी कस्बे में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चोरी गए सामान के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है ।
गिरफ्तारी के दौरान चोरी के सामान के साथ अवैध देसी तमंचा, कारतूस व सुतली बम भी बरामद हुए हैं । चौबीस घंटे के अंदर चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की नगर वासियों ने खूब सराहा ।
उपपुलिस अधीक्षक परशुराम त्रिपाठी ने थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र श्रीवास्तव की सराहना करते हुए बताया कि बिंदकी कस्बे में गत दिवस 31 जुलाई को मुगलाई बिंदकी निवासी इशरत अली के घर अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था । सीसीटीवी फुटेज से पहचान होने के बाद मुखबिर की सटीक सूचना पर कोतवाली पुलिस बल व सर्विलांस टीम ने ज्वाला देवी तिराहे के पास से लगभग 4:20 बजे जब अभियुक्तों की घेराबंदी की तो अभियुक्तों ने पुलिस बल पर तमंचे से फायर कर जानलेवा हमला किया । पुलिस ने अपने को बाल-बाल बचाते हुए घेराबंदी करके दोनों अभियुक्तों को दौड़ा कर गिरफ्तार कर लिया । पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए शातिर चोर साजिद खान 20 वर्ष पुत्र अब्दुल मन्नान निवासी मोहल्ला रजोड़ा कोड़ा जहानाबाद व राज करण उर्फ करण 20 वर्ष पुत्र स्वर्गीय गंगा राम निवासी लंका रोड केवटरा बिंदकी को एक 315 बोर तमंचा, एक 315 बोर कारतूस,एक कारतूस खोखा 315 बोर व दो सुतली बम के साथ हार, मंगलसूत्र,कान के झाला,टॉप्स,अंगूठी जेंट्स, कंगन,सभी सोने के पायल,बाल चोटी,हाथ का फूल ,दस अंगूठी, दो जोड़ी बिछुआ, एक चेन चांदी की गले की ,टॉप्स, एक जोड़ी तोड़िया सभी चांदी की व 1500 रुपए नगद बरामद किया है ।
गत दिवस हुई चोरी का पर्दाफाश करने वाली टीम को को बधाई देते हुए उप पुलिस अधीक्षक परशुराम त्रिपाठी ने संपूर्ण घटना का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए अपराधियों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने,अवैध तमंचा,कारतूस व सुतली बम रखने की धाराओं के साथ अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया ।
शातिर चोरों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र श्रीवास्तव,वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश कुमार सिंह,उप निरीक्षक सुमित नारायण तिवारी,कांस्टेबल इंद्रवीर,मनोज कुमार,होमगार्ड राम शंकर,सर्विलांस सेल फतेहपुर के उप निरीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, कांस्टेबल अबरार हुसैन सिद्दीकी,सनत पटेल व शिव सुंदर यादव शामिल रहे ।
