उन्नाव,20 अगस्त । खुशहाल परिवार दिवस 22 अगस्त (सोमवार) को जिला महिला अस्पताल,सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर मनाया जाएगा ।
यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश ने दी ।
उन्होंने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस माह की 21 तारीख को मनाया जाता है लेकिन इस माह 21 अगस्त को रविवार होने के कारण इसका आयोजन 22 अगस्त को हो रहा है । अब सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर भी खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाएगा । इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ।
नोडल अधिकारी परिवार नियोजन कार्यक्रम डॉ० अरविन्द कुमार उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभी तक समुदाय को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना और स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला महिला अस्पताल, सभी ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य इकाइयों सहित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर खुशहाल दिवस का आयोजन किया जाता रहा है । अब इस माह से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर भी इस दिवस का आयोजन किया जाएगा ।
इस दौरान परिवार नियोजन के स्थाई साधन में पुरुष/महिला नसबंदी,अस्थाई साधन में आईयूसीडी,त्रैमासिक गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा ,साप्ताहिक गर्भनिरोधक गोली छाया,माला-एन एवम् कंडोम की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है ।
खुशहाल परिवार दिवस पर आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है वह ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की लक्षित समूह की महिलाओं की लाइन लिस्ट करती हैं । आशा गृह भ्रमण के दौरान लक्षित समूह के उन दंपति को चिन्हित करती हैं, जो परिवार नियोजन के किसी भी साधन को नहीं अपना रहें हैं । उन्हें हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर लाकर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) द्वारा उनकी काउंसलिंग कर उन्हें बॉस्केट ऑफ च्वाइस में मौजूद साधनों की जानकारी देंगी । इसके अलावा इन साधनों को अपनाने को लेकर कोई भ्रांति होती है तो उसे टेली कंसल्टेंसी के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा ऑनलाइन परामर्श दे कर भ्रान्ति दूर की जायेगी ।
