– पांच बग्घियों के साथ निकलेगी मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की मनमोहक शोभा यात्रा,जगह जगह भक्त करेंगे पुष्प वर्षा ।
फतेहपुर । दशहरा महोत्सव की तैयारी को लेकर रामलीला कमेटी बिंदकी की एक बैठक हुई । जिसमें सर्व सम्मति से तय किया गया कि दशहरा महोत्सव में भव्य आसमानी आतिशबाजी होगी साथ में 5 बग्गी के साथ भगवान श्रीराम की शोभा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों में निकाली जाएगी । बैठक में तय हुआ कि इस बार का दशहरा महोत्सव ऐतिहासिक होगा ।
आज रविवार को बिंदकी नगर के रामलीला मैदान के समीप हनुमान मंदिर परिसर में रामलीला कमेटी की बैठक कमेटी के अध्यक्ष रामजी गुप्ता की अध्यक्षता में हुई । जिसमें सर्वसम्मति से तय किया गया कि इस बार दशहरा महोत्सव में आसमानी आतिशबाजी होगी ।
दशहरा महोत्सव को ऐतिहासिक भव्यता प्रदान की जाएगी ।नगर के प्रमुख मार्गों में 5 बग्गी तथा अन्य सुंदर झांकियों के साथ मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम की शोभायात्रा निकाली जाएगी । यह शोभायात्रा नगर के रामलीला मैदान से प्रारंभ होगी और विभिन्न स्थानों से होते हुए मां ज्वाला देवी मंदिर श्री कैलाश शिव मंदिर सहित कई स्थानों से भ्रमण करते हुए वापस रामलीला मैदान में समाप्त होगी ।
उन्होंने कहा कि दशहरा महोत्सव की तैयारी को लेकर मौजूद पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है । कमेटी के पूर्व अध्यक्ष गोपाल जी गुप्ता,महामंत्री दिनेश मिश्रा के अलावा पुरुषोत्तम ओमर,रामकुमार साहू सहित तमाम लोग मौजूद रहे ।
