फतेहपुर । बच्चा चोर की आशंका पर ग्रामीणों ने एक असंतुलित मानसिक युवक को ग्राम भैसौली दया शंकर शुक्ल इंटर कालेज के पास पीट पीट कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया ।

ग्रामीणों की पिटाई से युवक का सिर भी फट गया है ।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक गिरेंद्र पाल सिंह पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित देव पांडेय व मुसाफा चौकी प्रभारी व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे ।
थाना प्रभारी निरीक्षक गिरेंद्र पाल सिंह ने ग्रामीणों से अपील किया कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही बिना जांच पड़ताल किए इस तरह की घटना को अंजाम दे जैसा आज किया है । अगर भविष्य में ऐसी घटना होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जिस युवक सनोज पुत्र राजाराम को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझ कर पीटा है वह मानसिक रूप असंतुलित है और गांवों में होने वाले मांगलिक कार्यक्रमों में नाचने का काम करता है ।
इंटर कालेज के प्रधानाचार्य गौरी नाथ शुक्ल ने बताया कि सोशल मीडिया में बच्चा चोर गिरोह के क्षेत्र में होने की फैलाई जा रही अफवाहों का परिणाम है आज की घटना ।
अगर ऐसी अफवाह फ़ैलाने वालों लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी तो इसी तरह की घटनाएं घटती रहेंगी ।
मालूम हो कि सोशल मीडिया के जरिए फैलाई जा रही अफवाहों को लेकर लगातार प्रशासन लोगों को जागरूक करने का काम कर रहा है और जिलाधिकारी श्रीमती श्रुति व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह भी लगातार बच्चा चोर गिरोह की फैलाई जा रही अफवाहों से लोगों को सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं । कहीं भी बच्चा चोर गिरोह श्रेत्र में सक्रिय नहीं है ।
थाना प्रभारी निरीक्षक गिरेंद्र पाल सिंह व चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित देव पांडेय ने संयुक्त रूप से क्षेत्र वासियों को ऐसी अफवाहों से सावधान रहने की अपील किया है । ग्रामीणों से यह भी अपील किया है कि अगर कहीं ऐसा संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल थाना चौकी पुलिस को सूचना दें कानून को अपने हांथ न लें ।
