फतेहपुर । आगामी शारदीय-नवरात्रि(दुर्गा पूजा),विजयदशमी/दशहरा एवं ईद-ए-मिलाद/बरावफात के पर्वो को दृष्टिगत रखते हुए केन्द्रीय शान्ति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती श्रुति एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार सिंह के संयुक्त तत्वावधान में जनपद के सभी धर्मों के गुरुओं व संभ्रांत नागरिको के साथ बैठक सम्पन्न हुई ।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्यौहारों को शान्ति एवं आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाये । त्यौहारों को सकारात्मक सोच व आपसी सहयोग से मनाये । त्यौहारों को मिल-जुलकर मनाने से त्यौहार एक अलग ही आनन्द आता है ।
उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसा कार्य नहीं करना चाहिए । जिससे अमन-चैन में बाधा उत्पन्न होने की सम्भावना हो । उन्होने सभी जनपद वासियों से अपील किया है कि आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए ताकि गंगा-जमुनी तहजीब की एक मिशाल कायम रहे ।
उन्होने कहा कि जिला प्रशासन सभी त्योहारों को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए वचनबद्ध है । त्योहारों के दौरान कोई भी नई परम्परा कायम करने की कोशिश नही की जाय । जिससे अमन-चैन में बाधा उत्पन्न होने की आशंका हो । उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें । यदि किसी भी प्रकार की समस्या है तो जिला प्रशासन को अवश्य बताये । जिला प्रशासन आपके सम्पूर्ण सहयोग के लिए सदैव तत्पर है । यदि कोई भी व्यक्ति अमन -चैन में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करते पाया गया तो, उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी ।
उन्होने कहा कि आगामी त्यौहारों को देखते हुए बिजली,पानी एवं साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था सम्बन्धित अधिकारीगण सुनिश्चित करें ।
उपजिलाधिकारियो को निर्देशित किया कि अपने-अपने तहसील में त्यौहारों के दृष्टिगत तहसील मुख्यालय पर कंट्रोल रूम की स्थापना की जाए ताकि आने वाली समस्याओं का त्वरित गति से निस्तारण हो सके । लगने वाले दुर्गा पंडालों के आसपास साफ सफाई का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए और कर्मचारियों/सुरक्षा बलों की ड्यूटी लगायी जाय । दुर्गा विसर्जन के लिए जाने वाले रास्तो को गड्डा मुक्त किया जाए और कृत कार्यवाही से फोटोग्राफ सहित अवगत कराया जाय । झांकी/दुर्गा पंडाल के आस पास ढीले तारो को ठीक करा लिया जाय ।
अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया है कि रोस्टर के मुताबिक बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए । वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई व पेयजल हेतु जिला पंचायत राज अधिकारी व नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं पेयजल हेतु सम्बन्धित अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया गया ।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार सिंह ने सभ्रांतजनों से कहा कि पूर्व की भांति त्योहारों को मनाने में भी आप लोगों का सम्पूर्ण सहयोग मिला है । जो काफी सराहनीय रहा है । मुझे आशा है कि इस बार त्यौहारों को मिल-जुलकर कर मनायेंगें और कोई भी ऐसा कृत्य नही होगा । जिससे की अमन-चैन में बाधा उत्पन्न हो ।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र धर्म सर्वोपरि है, धर्म बाद में, इस भावना के साथ त्यौहार मनाये तो कभी भी विवाद की स्थिति उत्पन्न नही होगी । आगामी त्यौहारों को शान्तिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए सभी क्षेत्राधिकारियों व थानाध्यक्षों को निर्देश दिये कि अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इन्तजाम करेंगें एवं त्यौहार वाले दिन सजग रहकर कडी निगरानी के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखेंगे । जिससे आम जनमानस को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पडें । उन्होने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने थानों पर पीस कमेटी की बैठक अवश्य करा लें ।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री सूरज पटेल,अपर पुलिस अधीक्षक,अपर जिलाधिकारी(वित्त/राजस्व) श्री विनय कुमार पाठक, उपजिलाधिकारी सदर,बिन्दकी,खागा,मुख्य चिकित्सा अधिकारी,समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी,विश्व हिन्दू परिषद प्रांतीय मंत्री श्री बीरेंद्र पाण्डेय,शहरकाजी श्री शहीदुल इस्लाम उर्फ अब्दुल्ला,अधिशासी अभियंता विद्युत,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग,अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अनेक संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे ।
