ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है ।
भारतीय मूल की सुएला ब्रेवरमैन को प्रधानमंत्री लिज़ ट्रस ने सितंबर महीने में गृह मंत्री बनाया था । आज दोपहर संसद में लिज़ ट्रस और उनकी मुलाकात हुई थी ।
अपने इस्तीफा में सुएला ब्रेवरमैन ने लिखा कि यह सभी जानते हैं कि हम एक कठिन दौर से गुज़र रहे हैं । सरकार जिस दिशा में जा रही है उसे लेकर मैं चिंतित हूं ।
उन्होंने लिखा,
“हमने न सिर्फ़ अपने मतदाताओं से किए गए वादों को तोड़ा है । बल्कि ये सरकार अपने घोषणापत्र में किए गए वादों को लेकर भी प्रतिबद्ध नहीं दिखाई देती । घोषणा पत्र में कहा गया था कि हम माइग्रेशन को कम करेंगे । इसमें खासतौर से उस अवैध माइग्रेशन को रोकना था जिसमें जल मार्ग से लोग अवैध तरीके से देश में प्रवेश करते हैं ।”
सुएला ब्रेवरमैन ने कहा कि गृह मंत्रालय में काम करना उनके लिए बड़े सम्मान की बात रही है ।
उन्होंने लिखा,
“यहां रहने के बाद एक बात मुझे समय आई है कि ब्रिटिश लोगों की प्राथमिकताओं को पूरा करने के मामले में बहुत कुछ करना है ।”
उन्होंने लिखा कि वे विशेष तौर पर उन पुलिसकर्मियों और महिलाओं का धन्यवाद करती हैं जो सीमा पर काम कर रहे हैं ।
इस बीच, ब्रिटेन में प्रधानमंत्री पद पर लिज़ ट्रस के बने रहने को लेकर अटकलें तेज़ होती जा रही हैं । सोमवार को ही क्वाज़ी क्वार्टेंग ने वित्त मंत्री के पद से इस्तीफ़ा दिया था ।जिसके बाद जेरेमी हंट को नया वित्त मंत्री बनाया गया ।
Suella Braverman has resigned as UK home secretary, adding to turmoil in PM Liz Truss's government https://t.co/rucD2imFmC
— BBC Breaking News (@BBCBreaking) October 19, 2022
प्रधानमंत्री पद के लिए अपने प्रचार के समय लिज़ ट्रस ने अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने और टैक्स कटौती के जो वादे किए थे अब वे उनसे यू-टर्न ले रही हैं ।
जो फै़सले क्वाज़ी क्वार्टेंग ने वित्त मंत्री के रूप में लिए थे उन्हें नए वित्त मंत्री ने पलट दिया है ।
देश में हो रही आचोलना के बीच कंजर्वेटिव पार्टी में भी लिज़ ट्रस का विरोध शुरू हो गया है ।
