फतेहपुर । देवमई ब्लॉक के गाँवो में फैली गंदगी अब संक्रामक रोगों का कारण बन रही है । अनेक गांव वायरल फीवर की चपेट में हैं ।
गांवों में जलभराव,कीचड़,गंदगी आदि से मलेरिया,डेंगू, टाय फाइड वायरल आदि रोग फैल रहे हैं । अधिकांश घरों में कोई न कोई सदस्य बीमार पड़ा है । मच्छरों का प्रकोप इतना बढ़ गया है कि रात तो रात दिन में भी मच्छरों का झुंड हमला करता रहता है । अधिकांश स्थानों पर सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद भी सफाई के नाम पर खानापूर्ति ही की जा रही है । संक्रामक बीमारियों से जूझते लोगों को अस्पताल से भी राहत नहीं मिल रही है ।
विकास खंड देवमई के गांव बकेवर बुजुर्ग ,सुजावलपुर,अकबराबाद,मुसाफा,भैसौली,सरांय बकेवर जैसी बड़ी ग्राम सभाओं में भी उचित सफ़ाई ब्यवस्था ना होने के कारण निरन्तर मरीजों की संख्या में इज़ाफ़ा हो रहा है । इसके साथ ही अन्य ग्राम पंचायतों की स्थिति भी बद से बदतर होती जा रही है ।
ग्रामीणों का कहना है पीएचसी देवमई में उपचार की पर्याप्त सुविधा नहीं है । मजबूरी में निजी चिकित्सकों को मनमानी फीस देकर उपचार कराना पड़ रहा है । जहां जांच के नाम पर पैथालॉजियों मेंं मनमानी वसूला जाता है । ग्राम स्तर पर अभी तक फॉगिंग नहीं कराई है । इससे मच्छरों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है । गंदगी के चलते बीमारियां भी फैल रही हैं । जल निकासी प्रबंधन न होने से बारिश का जलभराव मच्छरों की संख्या बढ़ा रहा है । मच्छरों की रोकथाम के लिए कोई प्रयास नहीं हो रहे हैं । सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है । जिसके कारण संक्रामक रोग फैल रहे हैं । स्वास्थ्य विभाग भी लापरवाही बरतने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है । अभी तक स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रामक बीमारियों की चपेट में आए गांवों पहुंचकर शिविर तक लगाने की जहमत नहीं उठाई है ।
इस विषय में जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवमई के प्रभारी डॉक्टर जेपी वर्मा से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि इस समय मच्छरों का प्रकोप अत्याधिक है । इसलिए ग्रामीणों को सजग रहने की आवश्यकता है । सुबह-शाम के मच्छरों से विशेष बचाव की जरूरत है । ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता व पोषण के द्वारा ग्रामों में दवा व एंटी लावा का छिड़काव कराया जा रहा है । प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवमई में कुत्ते के काटने में लगने वाला एंटीरैबीज इंजेक्शन उपलब्ध है ।
इनसेट –
खुद बीमार है प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवमई की बाउंड्री वाल के आसपास फैली गंदगी व उगी हुई झाड़िया,घास-पतवार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मुंह चिढ़ा रही हैं । घास-फूस व गंदगी में संक्रामक बीमारियों को फैलाने वाले मच्छर पल रहे हैं । प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुद बीमार दिखाई दे रहा है ।
