बकेवर/फतेहपुर,05 दिसम्बर । बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम शाहजहांपुर (मझिलेगांव) में पति-पत्नी के बीच घरेलू कलह में झगडकर पत्नी सभी आभूषण व कपड़े लेकर घर से रफूचक्कर हो गई ।
मिली जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश पुत्र छेदालाल निवासी शाहजहांपुर ने बकेवर थाने में पत्नी के रफूचक्कर की घटना से सम्बंधित एक तहरीर देते हुए बताया कि उनका विवाह लगभग ढाई वर्ष पूर्व गुड्डन देवी निवासी चिलौरा-लालगंज से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ था । परंतु शादी के बाद से ही उनकी पत्नी किसी न किसी बात को लेकर आए दिन उनसे झगड़ा फसाद करने लगी थी । आज सोमवार के दिन भी उसने झगड़ा किया था । झगड़े के बाद मेरी पत्नी गुड्डन देवी घर पर रखे हुए सभी आभूषण जिनमें एक हार,सोने की बिजली,चांदी की हाफ पेटी,तोड़िया,बिछिया ,एक सोने की अंगूठी व कपड़े लेकर कहीं रफूचक्कर हो गई । जाने से पहले यह धमकी भी दिया कि अगर तुमने कानूनी कार्यवाही की तो मैं तुमको झूठे मामले में फंसा दूंगी । पत्नी से पीड़ित ओमप्रकाश ने आरोप लगाया है कि वह शादी से पहले भी वह शादीशुदा थी । जिसकी जानकारी मुझको नहीं दी गई थी । उसने उसे धोखे में रखकर शादी की थी ।
थाना प्रभारी निरीक्षक गिरेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है । जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी ।
