फतेहपुर । चार मई को नगरीय निकाय मतदान के चलते आज शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार शांत हो गया । चुनाव प्रचार थमते ही प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई है । अब घर घर जाकर मतदाताओं की मानमनौवल पर जुट गए हैं । चुनाव प्रचार के आज अंतिम दिन जनपद की नगरपालिका परिषद व नगर पंचायत के प्रत्याशियों ने रैली जुलूस निकाल कर मतदाताओं के बीच अपनी ताकत का एहसास कराया । भाजपा प्रत्याशियों ने बिना रोक टोक के अपने भारी भरकर जुलूस व रैलियां निकाली ।
वहीं अन्य विपक्षी दलों में प्रशासनिक अधिकारियों के खौफ का साया मंडराता रहा । विपक्षी दलों के प्रत्याशियों का कहना है । भाजपा सरकार के इशारे पर उन्हें प्रशासनिक अधिकारी तरह तरह से हथकंडे अपना कर प्रताड़ित करते रहे । धारा 144 का भय दिखा कर उनके समर्थकों को घरों से निकलने नहीं दिया गया है । प्रशासनिक अधिकारी भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं ।
वहीं भाजपा ने विपक्षी दलों के आरोपो का निराधार बताया ।
चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रत्याशी व उनके समर्थक टोलियों में घर घर जाकर मतदाताओं को लुभाने व अपने पाले में लाने के लिए ऐनकेन तरह तरह के प्रयोग को कर रहे हैं । वहीं मतदाता भी बड़ी होशियारी से सभी प्रत्याशियों की हां में हां मिला कर आश्वासन दे रहा है । मतदाताओं की खामोशी भी प्रत्याशियों को बेचैन कर रही है ।
