लवकुश आर्या
कानपुर । कानपुर में निकाय चुनाव को लेकर सभी पार्टी के प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है । निकाय चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को प्रचार का आखिरी दिन था । सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानपुर में जनसभा को संबोधित किया । कानपुर में मंच पर पहुंचते ही सीएम का स्वागत मंत्रोच्चार से हुआ ।

उन्होंने कहा,कानपुर आज नई पहचान के लिए आगे बढ़ रहा है । सपा सरकार में कानपुर में कट्टे बनते थे । लेकिन आज कानपुर डिफेंस कॉरिडोर के रूप में जाना जाता है । देश की रक्षा उत्पादन के एक केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है ।
उन्होंने कहा कि सपा ने अपने शासनकाल में कानपुर के लिए कुछ नहीं किया । यूपी सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे वाला राज्य है । सबसे ज्यादा मेट्रो वाला शहर है। उन्होंने कहा कानपुर को जल्द ही हवाई सेवाएं बढ़ेंगी । अपना टर्मिनल मिलने वाला है । यूपी में आज सब कुछ है ।
उन्होंने कहा, 2017 के पहले यूपी के नगरीय क्षेत्र कूड़े का ढेर लगते थे । आज 17 नगर निगम स्मार्ट सिटी बना रहे हैं । कानपुर नगर में अब तक 22 हजार से अधिक लोगों को आवास मिला है । सीएम के कार्यक्रम में करीब पचास हजार लोगों की भीड़ जुटी । इसके लिए पार्टी ने पूरा मैनेजमेंट पहले ही झोंक दिया था । पार्षदों को भीड़ जुटाने का जिम्मा सौंपा गया था । सभी प्रत्याशियों को सुबह 9 बजे से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के निर्देश पार्टी की ओर से दिए गए थे । चुनावी सभा को देखते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे । यूपी पुलिस, पीएसी के साथ-साथ आरएफ अर्द्ध सैनिक बल मौजूद रहे ।
