बकेवर/फतेहपुर । बकेवर थाना क्षेत्र के नहरामऊ गाँव निवासी मुन्नू पुत्र पुत्तन निषाद पर उसके ससुरालजनों ने पत्नी को आग से जलाकर मारने का प्रयास करने और उसको गायब करने का आरोप लगाया है ।
सूरजपाल निषाद निवासी केवटरा थाना बिन्दकी ने बकेवर थाने में तहरीर देकर कहा कि उसने अपनी बेटी का ब्याह करीब बारह वर्ष पूर्व मुन्नू के साथ किया था । 12 मई को दामाद मुन्नू ने मेरी बेटी शिवसखी को पेट्रोल डालकर जलाकर मारने का प्रयास किया । पड़ोसियों के इकट्ठा हो जाने पर वह घायल शिवसखी को कानपुर के उर्सला अस्पताल ले गया और भर्ती कर हम को सूचित किया । हम लोग भी उर्सला गये और दो दिन तक बेटी के साथ रहे । वहाँ पर भी मुन्नू ने हम लोगो के गाली-गलौज की और शनिवार को हमे फ़ोन पर बताया कि तुम्हारी बेटी शिवसखी घायल अवस्था मे कही भाग गई है ।
थानाध्यक्ष किशन सिंह ने बताया कि पहले घटना की जांच की जाएगी मामला संदिग्ध प्रतीत होता है । सही जानकारी मिलने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी ।
