फतेहपुर । नवम् अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून की थीम “हर घर-आंगन योग” के अन्तर्गत जनपद मे योग सप्ताह आज से 21 जून तक का आयोजन किया जा रहा है । इस अवसर पर पूरे जनपद में अधिक से अधिक लोगों को योग से जोडने का लक्ष्य रखा गया है जिसके क्रम में जनपद फतेहपुर को कुल 07 लाख लोगों को योग से जोड़नें एवं भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा जारी गाईड लाईन के अनुसार कामन योग प्रोटोकाल का सामूहिक योगाभ्यास कराये जाने का लक्ष्य प्रस्तावित है ।
कार्यक्रम के संबंध में जिलाधिकारी श्रीमती श्रुति के निर्देशों के अनुपालन में आज पूरे जनपद में भव्य तरीके से योग सप्ताह का शुभारम्भ किया गया वहीं जनपद,तहसील ब्लाक एवं नगर पालिका/नगर पंचायत स्तर पर उदघाटन समारोहों का आयोजन किया गया । कार्यक्रम के उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा किये गये तथा इस दौरान प्रातः 6.00 बजे से 8.00 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम ग्राम पंचायत,नगरीय पालिका-नगर पंचायत के वार्डो, तहसील मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय,जनपद मुख्यालय,पी०ए०सी०,पुलिस लाईन, जनपद के बडे थाने,जिला जेल,एन०सी०सी०,होमगार्ड्स तथा जनपद में संचालित 28 आयुष आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सालयों 43 आयुष होम्योपैथी चिकित्सालयों,02 योग वेलनेस सेन्टर व 06 हेल्थ वेलनेस सेन्टर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन कराया गया । जिसमें विभागीय कर्मियों तथा स्थानीय आम जनता एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा प्रतिभाग कर सामूहिक योगाभ्यास किया गया ।
आज हुये आयोजनों में गांधी पार्क जिलाधिकारी आवास के सामने पुलिस लाईन, ब्रह्माकुमारी, उपजिलाधिकारी सदर श्री अवधेश कुमार निगम के नेतृत्व में विकास खण्ड भिटौरा के ओम घाट भिटौरा तथा विकास खण्ड खजुहा के नोन नदी औरा निप्सी के किनारे आयोजित कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केन्द्र रहे । इसके अतिरिक्त जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ,अमर शहीद जोधा सिंह अटैया चिकित्सा महाविद्यालय,जिला पूर्ति कार्यालय,मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के साथ समस्त सरकारी विभागों के अधिकारी कर्मचारियों द्वारा आयुष विभाग तथा पंतजलि सहित अन्य स्वयं सेवी संस्थाओं के योगप्रशिक्षकों के निर्देशन में सामूहिक योगान्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया ।
गांधी पार्क फतेहपुर में आयोजित उद्घाटन समारोह में आशीष मिश्रा जिला अध्यक्ष भाजपा द्वारा फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया ।
कार्यक्रम का संचालन डॉ० अनुराग श्रीवास्तव यूथ आइकान द्वारा किया गया । कार्यक्रम में श्री अंगद सिंह योग प्रशिक्षक द्वारा योगाभ्यास कराया गया ।
जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक जन मानस को जोडनें एवं जागरूक करने हेतु स्वयं सेवी संस्थायें, हेल्थ वेलनेस सेन्टर, योग वेलनेस सेन्टर, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थायें ,योग प्रशिषण संस्थायें,एन०सी०सी० कैडेट्स,स्काऊट्स एवं गाईड एवं अन्य स्वैच्छिक संगठनों को प्रतिभाग किये जाने हेतु उन्हें प्रेरित किये जाने हेतु निर्देशित किया ।
डॉ० सुधीर रंजन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी फतेहपुर एवं डॉ० अमरीश चन्द्रा जिला होम्योपैथिक चिकित्सा धिकारी फतेहपुर नें संयुक्त रूप से कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जनपद के तहसील/ब्लॉक/नगर पालिका- नगर पंचायत मुख्यालय में तथा जनपद मुख्यालय में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का माइक्रो प्लान तैयार किया है । समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों,अन्य अधीनस्थ कर्मचारियों,ग्राम प्रधानो वार्ड मेम्बरों, तहसील/ ब्लॉक/नगर पालिका-नगर पंचायत मुख्यालय में तथा जनपद मुख्यालय में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों व आम जन मानस अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उक्त प्रशिक्षण शिविरों से जुडकर योगिक क्रियाओं से परिचित हो तथा योग सप्ताह के दौरान कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजित किये जाने में अपना अमूल्य सहयोग व सहभागिता प्रदान करें ।
