कानपुर । महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को नेशनल हाइवे-2 पर भीषण सड़क हादसा हो गया । खड़े कंटेनर से पिकअप टकराने से हेल्पर की मौत हो गई । हादसे के बाद लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई । हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया ।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह विजय रोड लाइंस की पिअकप ट्रांसपोर्ट का माल लेकर कानपुर से वापस फतेहपुर के लिए जा रही थी । जिसमें चालक राजू पुत्र सुमेर सिंह तथा अनोखे गाजीपुर और हेल्पर अनोखे स्व चंद्रभूषण पाल गांव मल्लीपुर थाना असोथर बैठे हुए थे तभी महाराजपुर थाना क्षेत्र के आने वाले महोली मोड़ के पास नेशनल हाईवे किनारे चालक द्वारा कंटेनर खड़ा किया गया था । जिसमें पीछे से पिकअप जा घुसी टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया तथा पिकअप चालक ने अपनी जान कूदकर बचा ली लेकिन बगल में बैठा हेल्पर बुरी तरह फंस गया ।
मौके पर पहुंचे पुरवामीर चौकी इंचार्ज अमित शर्मा द्वारा लगभग एक घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद पिकअप में फंसे हेल्पर को बाहर निकालकर उपचार के लिए सरसौल सीएचसी ले जाया गया । जहां चिकित्सकों ने युवक मृत घोषित कर दिया । पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दी । मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया ।
