कानपुर । कानपुर के नरवल स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के गणित,विज्ञान एवं अंग्रेजी विषयों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ । कुल 300 शिक्षकों का प्रशिक्षण दो बैच में पूरा होगा ।
यह पहला मौका है जब माध्यमिक शिक्षकों का प्रशिक्षण डायट में हो रहा है । प्रशिक्षण के प्रथम दिवस मण्डलीय उप शिक्षा निदेशक राजू राणा ने अपने प्रेरणादायी उदबोधन द्वारा डिजिटल शिक्षण प्रशिक्षण एवं उनकी कई शिक्षण विधियों की चर्चा की तथा लाभान्वित होने के लिए शिक्षकों को प्रेरित किया ।
डायट प्राचार्य राजेश कुमार वर्मा ने गुणवत्ता परक शिक्षण प्रशिक्षण पर जोर देते हुये कहा कि परम्परागत शिक्षण विधियों से आगे बढ़कर हमें नवीनतम टेक्नोलॉजी का प्रयोग अपने कक्षा शिक्षण में करना चाहिए । इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मण्डलीय उप शिक्षा निदेशक राजू राणा व डायट प्राचार्य राजेश कुमार वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया ।
