कानपुर । कमिश्नरेट के महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मछली माफिया बेलगाम हो गए है । गंगा नदी में मछली के शिकार पर प्रतिबंध होने के बावजूद भी मछलियों का शिकार किया जा रहा है । मंगलवार को मछली माफियाओं का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हो गया ।
वायरल वीडियो में मछली माफिया मछली बेंचते नजर आ रहे हैं । जबकि बता दें कि जून माह से लेकर सितंबर माह तक मछली पकड़ने और शिकार पर रोक रहती है । इन सब के बावजूद डोमनपुर के गंगा कटरी में धड़ल्ले से मछलियों का शिकार किया जा रहा है । जानकारी के अनुसार डोमनपुर गंगा नदी में मछली पकड़ने के लिए पुलिस ने पूरी तरह से रोक लगा रखी है । इसके बावजूद भी यहां शिकारी बेखौफ होकर मछलियों का शिकार कर रहे हैं ।
गंगा नदी में मछलियों का शिकार पूरी तरह से प्रतिबंधित है । लेकिन क्षेत्रीय नेताओं की संलिप्तता से मछली माफियाओं पर कोई रोक नहीं हो पाती है ।
वहीं बीते दिनों मछली शिकारियों पर आपस में जमकर विवाद हुआ था जिसके बाद दोनों पक्ष पुलिस चौकी गए थे । हालांकि पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामले को शांत करा दिया था ।
