फतेहपुर । सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) फतेहपुर ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग उ० प्र० लखनऊ के निर्देशानुसार पंचायत सामान्य निर्वाचन, 2021 में जनपद फतेहपुर में कार्यरत्/ नियुक्त अधिकारियों/कर्मचारियों को उक्त निर्वाचन के मानदेय दिये जाने की कार्यवाही की जा रही है । इस क्रम में कतिपय प्रभारी अधिकारियों, निर्वाचन अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन अधिकारियों द्वारा उनके साथ तैनात/ सम्बद्ध तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मियों का विवरण (प्रमाण सहित) जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय), फतेहपुर में अद्यतन स्थिति तक उपलब्ध नहीं कराया गया है जिसके कारण उक्त कर्मियों को मानदेय भुगतान की प्रक्रिया में विलम्ब हो रहा है ।
अतएव त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन, 2021 में जनपद फतेहपुर में नियुक्त जिन प्रभारी अधिकारियों, निर्वाचन अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन अधिकारियों द्वारा अभी तक उनके साथ सम्बद्ध / तैनात तृतीय श्रेणी एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का विवरण प्रमाण के साथ (सम्बन्धित के बैंक खाते के विवरण सहित) कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराया गया है । उन्हें अन्तिम रूप से अवसर प्रदान करते हुए सूचित किया जाता है कि वे तत्काल 11 अगस्त 2023 तक प्रत्येक दशा में उक्त विवरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें । निर्धारित अवधि तक सम्बन्धित सूचना कार्यालय को उपलब्ध न कराये जाने की दशा में यह मान लिया जायेगा कि से सम्बन्धित कोई देयता लम्बित नहीं हैं तथा तद्नुसार अवशेष धनराशि को राज्य निर्वाचन आयोग, उ०प्र०, लखनऊ द्वारा निर्धारित लेखाशीर्षक में जमा कर दिया जायेगा एवं भविष्य में उक्त मद में किसी प्रकार की देयता का भुगतान नही किया जायेगा ।
