– कई वर्षों से ब्रेन ट्यूमर व कैंसर से पीड़ित था मृतक ।
फतेहपुर । कई वर्षों से कैंसर से पीड़ित बुजुर्ग किसान ने अपने घर के अंदर बरामदे में अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली । गोली की आवाज सुनकर पास पड़ोस के लोग एकत्र हो गए । सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है ।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गांव कोरसम मवइया निवासी किसान राम आसरे अवस्थी उम्र 74 वर्ष काफी समय से पेट के कैंसर व ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित थे और उनका इलाज कानपुर , बनारस स्थित कैंसर अस्पताल में चल रहा था ।
रविवार सुबह गांव में ही एक मिट्टी हो जाने के कारण पूरा परिवार वहीं गया हुआ था । तभी सूनसान घर में राम आसरे अवस्थी ने घर के अंदर बरामदे में अपनी लाइसेंसी बंदूक बारह बोर से कनपटी में गोली मार ली । जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई । गोली की आवाज सुनकर पास पड़ोस के लोग एकत्र हो गए । तभी गांव के ही किसी ब्यक्ति ने फोन से पुलिस को सूचना दे दी । हालांकि परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे । मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से आत्महत्या के बारे में जानकारी ली और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है । मृतक के तीन पुत्र मुकेश,हरिकेसन,शिवकेशन हैं । हरि केशन प्रगति शील किसान के रूप में मुख्यमंत्री से सम्मानित हो चुके हैं । पत्नी शांती देवी रो रोकर बेचैन रहीं । हरिकेशन ने बताया कि पिता को कैंसर के कारण असहनीय दर्द होता था ।
