बकेवर/फतेहपुर । शासन के निर्देशानुसार आज थाना बकेवर परिसर में थाना समाधान दिवस का आयोजन थानाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में किया गया ।
समाधान दिवस में सबसे ज्यादा राजस्व के आठ मामले रहे । जिनके निस्तारण हेतु क्षेत्री लेखपालों व राजस्व निरीक्षक को मौके पर जाकर निस्तारण कराए जाने के लिए निर्देशित किया गया । एक मामला पारिवारिक विवाद का आया जिसे आपसी सुलह के आधार पर निस्तारित किया गया ।
शाहजहांपुर निवासी पूजा देवी पुत्री देशराज की शादी दो वर्ष पूर्व शैलेन्द्र पुत्र देशराज के साथ हुई थी । शैलेन्द्र दुबई में नौकरी करता है । पूजा देवी ने अपने ससुर सास ननद पति के खिलाफ प्रताणित करने,खर्चपानी न देने को लेकर एक शिकायती पत्र दिया था । शिकायती पत्र के आधार पर पूजा देवी के ससुर देशराज को तत्काल प्रभाव से थाना बुलाकर मामले की जानकारी कर आपसी सहमति के अनुसार सुलह समझौता करा दिया गया ।
सुलह समझौता के अनुसार जब तक पूजा का पति विदेश से नहीं आता तब तक ससुर देशराज अपनी बहू को 2000 रुपए प्रति माह खर्चा देगा और आकस्मिक चिकित्सा आदि का खर्च भी वहन करेगा और किसी भी तरह से उसे प्रताणित नहीं करेगा ।
इस मौके पर थानाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार त्रिपाठी के अलावा उप निरीक्षक प्रकाश दोहरे,उपनिरीक्षक अरविंद कुमार,मुसाफा चौकी प्रभारी गुलाब चन्द मौर्य के साथ राजस्व निरीक्षक व क्षेत्रीय लेखपाल मौजूद रहे ।
