कानपुर । हमारे जीवन की अभिन्न अंग नदियों को बचाने का आवाह्न करते हुए 137 सीईटीएफ बटालियन 39 गोरखा राइफल गंगा टास्क फोर्स और नेहरू युवा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में नरवल के नजफगढ़ में विश्व नदी दिवस मनाया गया । इस अभियान को सफल बनाने हेतु आज रविवार को नजफगढ़ के ग्रामीण व स्कूली छात्रों ने मिल कर विश्व नदी दिवस के अवसर पर नजफगढ़ घाट के गंगा तट की सफाई की और कचरा मुक्त गंगा घाट की अपील करते हुए गंगा किनारे बिखरे कूड़े-कचरे को बंटोरकर कूड़ेदान तक पहुंचाया । इस दौरान स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया । नदियों के महत्व को समझ कर नदियों के संरक्षण को संस्कार में शामिल करने का आग्रह किया गया ।

गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार बलराम ने जागरूकता करते हुए कहा कि विश्व की सभी प्राचीन सभ्यतायें नदियों के किनारे ही विकसित, पुष्पित और पल्लवित हुई है । विश्व नदी दिवस के अवसर पर हम सभी हमारी नदियों को साफ और स्वच्छ रखने का प्रण लें । प्रकृति ने हमारे देश को गंगा और यमुना जैसी पवित्र और महत्वपूर्ण नदियां दी हैं । यदि हम वास्तव में उनका सम्मान करते हैं तो उनकी देख रेख करें और कभी उन्हें गन्दा नहीं करें । हमारी संस्कृति हमें नदियों सहित प्रकृति की पूजा करना सिखाती है ।
कहा कि आइये हम देश की जीवनरेखा अपनी नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाएं और उनकी सार-संभाल करें । इस दौरान गंगा टास्क फोर्स के जवानों ने ग्रामीणों को पौधे भेंट किए । वहीं, मौजूद लोगों को गंगा स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई । आयोजन में प्रमुख नेहरू युवा केंद्र कानपुर के रमाशंकर तिवारी, छोटू सिंह समेत विद्यालय स्टाफ व स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे ।
