फतेहपुर । मुख्य विकास अधिकारी फतेहपुर सूरज पटेल द्वारा प्रातः गौवंश आश्रय स्थलों से सम्बन्धित सप्ताहिक वर्चुअल समीक्षा बैठक की गयी ।

बैठक में परियोजना निदेशक,जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला विकास अधिकारी,जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी,समस्त खण्ड विकास अधिकारी,समस्त पशु चिकित्साधिकारी व सम्बन्धित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे ।
बैठक में संरक्षित गौवंशो हेतु भरण-पोषण हेतु धनराशि मांग, पराली प्रबन्धन,सहभागिता योजना,निराश्रित गौवंशो को संरक्षण एवं प्रबंधन आदि बिन्दुओ पर गहन समीक्षा की गयी ।
खण्ड विकास अधिकारी,विकास खण्ड विजयीपुर को शिथिल पर्यवेक्षण हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किया गया । इसके अतिरिक्त गौवंश आश्रय स्थलों हेतु नामित नोडल अधिकारी जिनके द्वारा नियमित रूप से भ्रमण नहीं किया जा रहा है । उन्हे भी इस सम्बन्ध में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये । विकास खण्ड असोथर में स्थित कोंडार गौवंश आश्रय स्थल पर विद्युत संयोजन के विषय में अवगत कराया गया कि वर्तमान में संयोजन नहीं हो पाया है । इस सम्बन्ध में खण्ड विकास अधिकारी असोथर की लापरवाही के सम्बन्ध में उन्हे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया साथ ही समस्त नोडल अधिकारियों को सप्ताहिक रूप से गौवंश आश्रय स्थलों का भ्रमण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये । समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को अपने क्षेत्र से सम्बन्धित गौवंश आश्रय स्थलों पर पायी गयी कमियों के सम्बन्ध में अनुश्रवण कर आवश्यकतानुरूप प्रबंध कराने के निर्देश दिये गये ।
