– नशेड़ी चालक की लापरवाही के हुआ हादसा, सवारियों ने की जमकर पिटाई
थरियांव/फतेहपुर । सड़क हादसे में बाइक की टक्कर से घायल दो युवकों को अस्पताल ले जा रहा विक्रम खड़े ट्रक में घुसने से आधा दर्जन सवारियां घायल हो गईं । चीख पुकार सुनकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को निजी एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा है । हादसा नशेड़ी चालक की लापरवाही के चलते हुआ है । परिजनों ने चालक की जमकर धुनाई कर दी । पुलिस ने बीच बचाव कर चालक को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई है ।
थरियांव थाना क्षेत्र के मीरपुर मजरे चक कोर्रा सादात निवासी नरेंद्र पुत्र धुन्ना सिंह व उसका साथी धमेंद्र पुत्र रामनरेश गांव के समीप अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए । एम्बुलेंस के नही पहुंचने पर परिजनों ने निजी विक्रम से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे । तभी थाना क्षेत्र के आंबापुर नेशनल हाईवे के समीप खड़े ट्रक में विक्रम जा घुसा । जिसमें सवार सीता देवी,कुंदन देवी पुत्री नरेंद्र,ननकी देवी पत्नी नरेंद्र व पूनम देवी पुत्री भवन गंभीर रूप से घायल हो गए । हादसे के बाद सवारियों में दहशत फैल गई । पीड़ितों ने बताया कि चालक विक्रम सिंह पुत्र मथुरा सिंह ने रास्ते रुककर शराब पी ली । चालक के ज्यादा नशे में होने पर हादसा हो गया । गुस्साए परिजनों ने नशेड़ी चालक की घटनास्थल पर ही जानकर धुनाई कर दी । सूचना पर स्थानीय पुलिस ने बीच बचाव कर चालक को बचाया । पुलिस ने निजी एम्बुलेंस से सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है । स्थानीय पुलिस विक्रम और चालक को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई है । मामले पर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था। जांच कर अग्रिम की जा रही है ।
