कानपुर । आगामी माह में नवंबर 01 से गोवा में संपन्न होने जा रहे 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश मुक्केबाजी टीम में बतौर प्रशिक्षक शहर के संकल्प दीक्षित को यूपी बॉक्सिंग संघ द्वारा अपनी खेल सेवाएं देने हेतु नामित किया गया है ।
यह दूसरा अवसर है जब राष्ट्र के सबसे बड़े खेल महोत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश टीम से बतौर प्रशिक्षक संकल्प राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग हेतु प्रदेश संघ की ओर से नामित हुए हैं ।
गत वर्ष अक्टूबर माह में गुजरात के अहमदाबाद में संपन्न हुए 36वें राष्ट्रीय खेलों में भी उत्तर प्रदेश की कमान संकल्प के ही हाथों में थी । पूर्व में प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज होने के खिताब से लेकर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ निर्णायक होने के किताब तक गत डेढ़ दशकों के मुक्केबाजी खेल सफर में संकल्प ने ऐसे दर्जनों अलंकार अपने नाम किये है । यही नही संकल्प पूर्व में जिला मुक्केबाजी संघ में बतौर कोषाध्यक्ष एवं वर्तमान समय में प्रदेश मुक्केबाजी संघ के कार्यकारिणी सदस्य होने के साथ-साथ प्रदेश संघ में यूथ कमिशन चेयरमैन होने की भी भूमिका निभा रहे हैं । स्वयं राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे संकल्प का मानना है कि उनका इस प्रकार पुनः राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश टीम का प्रशिक्षक के रूप में नेतृत्व करना आगामी समय में जिला मुक्केबाजी खेल को प्रोत्साहन और नवीन आयाम देगा ।
अपनी उपलब्धि पर प्रदेश संघ पदाधिकारीयों को धन्यवाद देते हुए संकल्प दीक्षित ने कहा कि जिस प्रकार प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर खेल को लेकर सकारात्मक नीतियां और नए अवसर पैदा किये जा रहे हैं । भविष्य में ओलंपिक स्तर पर आने वाले परिणाम भारत के पक्ष में और भी अधिक स्वर्णिम रूप में होंगे जिस प्रकार पावर खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का दबदबा बढ़ता जा रहा है । आगामी कुछ वर्ष भारतीय खेलों का एशिया एवं ओलंपिक खेल समारोह में नवीन आयाम सुनिश्चित करेंगे प्रदेश संघ द्वारा संकल्प को राष्ट्रीय खेलों हेतु नामित करने पर जिला मुक्केबाजी संघ सहित भारतीय खेल व शारीरिक शिक्षा फाउंडेशन के उपाध्यक्ष सुधीर कुमार पाण्डेय एकलव्य स्पोर्ट्स अकादमी आर फिटनेस अकैडमी लायंस फिटनेस अकैडमी एवं वीरेंद्र त्रिपाठी प्रशिक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह भगवानदीन रवि कठेरिया अविनाश शुक्ला अथक पटेल संदीप कुमार गौरव राजपूत संतोष त्यागी कंचन भारती सर्वेश कुमार आदि ने शुभकामनाएं दी ।
