फतेहपुर । निपुण लक्ष्य ऐप से बच्चों के निपुण होने का आकलन किए जाने की व्यवस्था बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा की गई है । निपुण विद्यालय बनाने की दिशा में यह सबसे आवश्यक है कि निर्धारित दक्षताओं का ससमय आकलन होता रहे ताकि शिक्षक यह जान सकें कि बच्चे अभी सीखने के मार्ग पर कहां खड़े हैं । इसके लिए निपुण लक्ष्य ऐप सबसे उपयोगी टूल साबित हो रहा है ।
निपुण लक्ष्य ऐप में प्रदेश के समस्त परिषदीय शिक्षकों का लॉगिन राज्य परियोजना कार्यालय की तकनीकी टीम द्वारा ऐप में क्रिएट किया गया है । स्कूल महानिदेशक विजय किरण आनंद द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि जनपद के समस्त प्राथमिक विद्यालयों को निपुण लक्ष्य ऐप में लॉगिन करना है और लॉगिन करके कक्षा 1 से 3 तक के सभी छात्र- छात्राओं का निपुण आकलन अनिवार्य रूप से अक्टूबर-नवंबर माह में करना है । निपुण लक्ष्य ऐप में एक नया फीचर निपुण संवाद जोड़ा गया है । जिसमे शिक्षक विभागीय निर्देशों ,गतिविधियों आदि से अद्यावधिक हो सकेंगे ।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पंकज यादव द्वारा सभी परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों से आह्वान किया गया है कि कृपया अपने अपने विद्यालय के कक्षा 1 से 3 के बच्चों का आकलन करना सुनिश्चित करें और निर्धारित समयावधि में विद्यालयों को निपुण बनाएं ।
