गाजियाबाद : एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार महिला सुरक्षा का दावा करती है । वहीं दूसरी तरफ महिलाओं के साथ हो रही हरकतें थमने का नाम नहीं ले रही है । ताजा मामला गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के सामने आया है ।जिसमें एक महिला का वीडियो बनाने और दुष्कर्म करने की कोशिश की गई है । आरोप है कि इस दौरान महिला के साथ मारपीट भी की गई । इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई । इस मामले में मसूरी थाने में 9 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है ।
क्या है पूरा मामला
मसूरी थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता का आरोप है कि वह पिछले 10 वर्षों से मसूरी में अपनी मां और पति के साथ रह रही है । पड़ोस में रहने वाले कुछ असामाजिक लोगों द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाता रहा है । पुलिस में शिकायत करने पर दबाव देकर फैसला करा लिया जाता है । आरोपी पूर्व में भी पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दे चुके हैं । महिला ने बताया कि आरोपी पहले भी कई बार ऐसी हरकत कर चुके हैं । शिकायत करने पर वे उसे परिवार समेत जान से मारने की धमकी देते हैं ।
आरोप है कि जुनैद,नदीम,मारूफ और इमरान ने उसकी नहाते वक्त अश्लील वीडियो बनाया और उसे नग्न हालत में बाथरूम से खींचकर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया । विरोध करने पर आरोपियों ने उसे बुरी तरह से पीटा । उसके सिर में आठ टांके आए और वह बेहोश हो गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके घर में घुसकर लूटपाट भी की है ।
पुलिस पर फैसले का दबाव बनाने का आरोप
महिला का आरोप है कि उन्होंने इसकी शिकायत नाहल चौकी पर की है । उसके बाद पुलिस ने उन पर फैसला करने का दबाव बनाया । फैसला नहीं करने पर उसके पति पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी । पीड़िता ने मुख्यमंत्री पोर्टल और डीजीपी को भी शिकायती पत्र भेजा । उसके बाद मसूरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है । एसीपी मसूरी नरेश कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है । साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी ।
