भोपाल । प्रदेश में अधिकारियों के तबादले जारी हैं । एक बार फिर 2 कलेक्टर को बदल दिया गया है । जबलपुर और नरसिंहपुर जिले के कलेक्टर के अलावा डिंडोरी जिले को भी नया एसपी मिला है । राज्य शासन ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं इसके एक दिन पहले ही राज्य सरकार ने शाजापुर कलेक्टर को हटाया था मोहन सरकार के गठन के बाद अब तक 7 कलेक्टरों को बदला जा चुका है ।
2010 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक सक्सेना को जबलपुर कलेक्टर बनाया गया है । अभी वे खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण और प्रबंधन संचालक, मध्यप्रदेश राज्य भंडार गृह निगम का कार्य संभाल रहे थे ।
जबलपुर कलेक्टर रहे सौरव कुमार सुमन को हटाकर मंत्रालय में अपर सचिव बनाया गया है ।
2014 बैच की आईएएस शीतला पटले को नरसिंहपुर कलेक्टर बनाया गया है । वे अभी मुख्यमंत्री की उप सचिव और मध्यप्रदेश स्किल डवलपमेंट प्रोजेक्ट की संचालक का कार्य संभाल रही थीं ।
पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक अखिल पटेल को डिंडोरी जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है ।
31 दिसंबर को बदले थे 4 जिलों के कलेक्टर : राज्य सरकार ने नए साल के एक दिन पहले चार जिलों के कलेक्टरों को बदला था । इसमें उज्जैन कलेक्टर को भी बदला गया था, जिस जिले से मुख्यमंत्री मोहन यादव हैं । बैतूल कलेक्टर अमन वीर सिंह को हटाकर गुना कलेक्टर बनाया था । नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी को बैतूल कलेक्टर बनाया गया था । सोनिया मीणा को नर्मदापुरम कलेक्टर और नीरज कुमार सिंह को उज्जैन कलेक्टर बनाया गया था । इसके पहले गुना बस हादसे के मामले में गुना कलेक्टर तरूण राठी को हटाया गया था ।
