– जगह जगह हुआ सुंदरकांड का पाठ,भंडारों से गुलज़ार रहे गाँव, कस्बे व नगर
– भगवा झंडों व रामधुन से राममय हुआ पूरा जनपद,छोडी गई आतिशबाजी
रवीन्द्र त्रिपाठी की खास रिपोर्ट
फतेहपुर । आयोध्या मे श्रीराम मूर्ति प्रतिष्ठा को लेकर आज सम्पूर्ण फतेहपुर में भगवा ध्वजो से पटा दिखा । श्रीराम मूर्ति प्रतिष्ठा को लेकर जनपद के मंदिरों को दूल्हन की तरह सजाया गया । दीपावली मनाई गई । जगह जगह राम चरितमानस व सुन्दर कांड का पाठ, जगह जगह चल रहे भंडारे,चाय हलुआ के स्टालों में प्रसाद के लिए लाइनों में लगे श्रृद्धालु का उत्साह देखते ही बन रहा था ।











श्रीराम,जय जय सीताराम के गगनभेदी नारो से गूंजता वायुमंडल जैसे श्रीराम जन्म भूमि अयोध्या से चलकर फतेहपुर आगई हो । श्रीराम भक्ति से ओतप्रोत वातावरण की अद्भुत छवि अनायास लोगों को बरबस अपनी ओर आकर्षित करने में कोई कोर कसर नही छोडने को तैयार थी । शंख घडियाल की गूँज,ध्वनि विस्तारक यंत्रों मे बचते श्रीराम के मनोहारी गीत,श्रीराम की लीलाओं से सम्बन्धित सांस्कृतिक कार्यक्रम वातावरण को राममय बना रहे थे ।
फतेहपुर शहर हुआ राममय
जनपद मुख्यालय के श्री ताम्बेश्वर मंदिर सहित लगभग तीन दर्जन मंदिरों को फूलों व बिजली की झालरों से सजाया गया । जगह- जगह सुंदरकांड का पाठ, श्रीराम के गुणगान करते भक्त जय जय श्रीराम के नारो से वातावरण को फतेहपुर को अयोध्या बनाने को आतुर दिखे । सारा शहर भगवा झंडों में हर गली मुहल्ला ऐसा लग रहा था जैसे फतेहपुर नही अयोध्या है । सायंकाल में दीपावली की तरह दीपोत्सव मनाया गया । जगह जगह चल रहे भंडारे,भक्तिभाव से लोगों को बुला कर प्रसाद देते बच्चे बूढ़े जवान, ध्वनि विस्तार यंत्रों में बजते गीत,जगह जगह श्रीराम चरित मानस का पाठ, राम की लीलाओं का गुणगान करते साधु संत अपने प्रभु राम की दिन रात अलख जगाते रहे ।
तांबेश्वर महादेव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में जिलाधिकारी सी इंदुमती व पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह सहित अनेक अधिकारी दर्शन करने गए और श्रद्धालुओं के साथ सहभागिता करते दिखे ।
बिन्दकी का कूंचा कूंचा हो गया राममय
बिन्दकी नगर आज पूरी तरह भगवा मय रहा। पूरा नगर झंडों पाट दिया गया । मंदिरों की साफ सफाई कर फूलों व रंगबिरंगी झालरो से सजाए गए । घरो को भी आकर्षक तरह से नगरवासियों ने सजाया। पूरा नगर रोशनी से जगमग रहा । श्रीराम मूर्ति प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण देखने के लिए निर्धारित समय से लोग अपने टीवी में आंख गडाए रहे । हर्षोल्लास के साथ कई जगह प्रभात फेरी निकाली गई । मंदिरों व घरों में श्रीराम चरित मानस सुंदरकांड का पाठ चलता रहा । जगह जगह भंडारे आयोजित किए गए । सम्पूर्ण दिन श्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा । घूमघूम कर लोगों ने भंडारों में प्रसाद ग्रहण किया । चाय की चुस्कियां ली । कई स्थानों पर श्रीराम की लीलाओं को लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए । नगर के प्रमुख चौराहों ललौली चौराहा,गांधी चौराहा, खजुहा चौराहा पूरी तरह श्रीराम मय रहा । गीत संगीत के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए । मिठाईयाँ बांटी गई । हर घर में भगवा झंडा लहराया गया । घरों को दीपावली की तरह दीप मालाओं के माध्यम से रोशन किया गया । नगर की आस्था की प्रतीक मां ज्वाला देवी मंदिर में दीपोत्सव मनाया गया ।
इस दीपोत्सव में पूर्व कारागार मंत्री बिन्दकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी,भाजपा मंडल अध्यक्ष अतुल द्विवेदी,नगर पालिका परिषद की अधिशाषी अधिकारी निरुपमा प्रताप,गोविन्द बाबू टाटा,प्रमुख समाज सेवी अनूप अग्रवाल,समाजसेवी मोना ओमर, भाजपा नेत्री संगीता तिवारी, समाजसेविका स्वाति ओमर सहित बडी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिकों ने दीपोत्सव में बढ चढ कर दीप दान किया । श्री ढूडेश्वर महादेव मंदिर में भी पूजा अर्चना का क्रम अनवरत चलता रहा । मंदिर के पुजारी बाबा श्याम नारायण मिश्र ने मंदिर में दीपोत्सव मनाया और प्रभु राम के आदर्शों में चलने का संदेश दिया । ठठराही मुहल्ला स्थित मां काली के मंदिर में पूजा अर्चना का कार्यक्रम चलता रहा । दीपों से और बिजली की झालरों से मंदिर प्रकाशित किया गया ।
खजुहा के मां पंथेश्वरी धाम में भक्तों ने सजावट कर दीपोत्सव मनाया और प्रभु श्रीराम मूर्ति प्राणप्रतिष्ठा समारोह जय श्री राम के नारों के साथ धूमधाम और श्रृद्धा के साथ मनाया गया ।
जहानाबाद मे हर घर में मनाई गई दीवाली
जहानाबाद मे भगवा बढ चढ कर बोला,हर घर हर मुहल्ला भगवा झंडों से पटा दिखा । श्रीराम चरित मानस पाठ के साथ विभिन्न स्थानों में भंडारे आयोजित किए गए । मंदिरों की सफाई कर उन्हें सजाया गया । शाम होते ही मंदिर जगमग हो गए । सम्पूर्ण जहानाबाद नगर का हर घर मिट्टी के दीपों से जगमग रहा । नगर मे दीपावली जैसा अद्भुत नजारा दिखा। हर नगर वासी राम के रंग में रंगा हुआ था ।
बकेवर में भंडारों की रही धूम, मंदिरों में जाकर मांगी दुआएँ
बिन्दकी तहसील का प्रमुख व्यवसाइक कस्बा बकेवर पूरी तरह राममय रहा । श्रीराम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रामभक्तों में भारी उत्साह दिखा । बकेवर कस्बे की अस्मिता से जुड़े श्री बकेश्वर धाम व श्री लटेश्वर धाम में श्रद्धालुओं जाकर दर्शन किए और दीप जलाए । श्री बकेश्वर धाम की सफाई कर रोशन किया गया, सुंदरकांड का रामभक्तों ने पाठ किया । नई बाजार स्थित मंदिर में भी सुंदरकांड का पाठ हुआ । शाम को श्रीतालेश्वर महादेव परिसर स्थित पक्के तालाब में बहुसंख्यक राम भक्तों ने दीप किया और मंदिर की सजावट के साथ दीपक जलाकर दीपोत्सव मनाया ।
कुडनी चौराहा मे जानकी इंटर कॉलेज गेट के पास नवयुवकों द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया । इस भंडारे में हजारों भक्तों व राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया । भंडारे के आयोजन मे दीपू शुक्ल ,बबलू दुवे, करुणेश तिवारी ,ह्रदयेश तिवारी ,विमल तिवारी,राजन दीक्षित, आदित्य त्रिपाठी,गोलू तिवारी,सुरेश पाल,पप्पू तिवारी सहित बडी संख्या में दूकादारों ने सहभागिता की । टैम्पो स्टैंड व करुणेश वर्मा भोलू की दूकान के सामने सब्जी मंडी में भी भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरण किया गया । कुडनी रोड स्थित अंजली स्वीट हाउस के संचालक शिवनारायण गुप्त की ओर से चाय का वितरण कर श्रीराम के प्रति आस्था व्यक्त की गई । सर्दी के चलते गरम चाय पाकर लोगों ने राहत महसूस कर जय जय श्रीराम के नारे लगाए । ग्रमीणों ने अयोध्या मेंश्रीराम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । भगवा झंडों से पटा कस्बा बकेवर पूरी तरह राममय रहा ।
हरदासपुर में हुई देव प्रतिष्ठा
बकेवर श्रेत्र के ग्राम हरदासपुर मे अयोध्या में श्रीराम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के मुहुर्त में ही यहाँ के एक नवनिर्मित मंदिर में देव मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई । इस मौके पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया । बडी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर आकर दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया । इस मौके पर जय श्रीराम के नारे गूंजते रहे । इस मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भइया लाल कुशवाहा,राज कमल कुशवाहा,अविनाश तिवारी,सुनील शुक्ल,हरिओम कुशवाहा सहित अनेक लोगों ने प्रतिभाग किया ।
भाजपा महिला मोर्चा ने जाफराबाद मे किया रामायण अखंडपाठ
जिला भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकारिणी सदस्य ने गांव जाफराबाद मे श्रीराम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष में स्थानीय राम जानकी मंदिर में श्रीराम चरित मानस के अखंड पाठ का आयोजन सम्पन्न कराया । इस मौके पर सम्पूर्ण परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया । सम्पूर्ण गाँव जय जय श्रीराम के नारों से गूंजता रहा । इस कार्यक्रम में सहभागिता करने वालों में भाजपा नेत्री समाजसेविका श्रीमती चेतना सिंह,भाजपा नेता बलराम सिंह, सुनील गुप्ता,ऋषिराज सिंह,कप्तान सिंह,विभा अग्निहोत्री,तन्नो गुप्ता, शालिनी श्रीवास्तव,संतोष सिंह व उर्मिला वर्मा प्रमुख है ।
औग में निकाली गई मोटर साइकिल रैली
औग कस्बे में मंदिरों व घरों को रोशनी से जगमगाया गया । श्रीराम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर एक बडी मोटर साइकिल रैली निकाल कर श्रीराम के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई । शाम को दीपोत्सव मनाया गया । सम्पूर्ण दिवस जय श्रीराम के नारे गूंजते रहे ।
