रवींद्र त्रिपाठी की खास रिपोर्ट
फतेहपुर । मलवा विकास खंड के महमूदपुर गांव के अग्निवीर जवान आशीष कुमार यादव (20) का पार्थिव शरीर मंगलवार को अग्नि के हवाले कर दिया गया । भारत माता की,जय वंदे मातरम,जय हिंद के जय घोष के साथ अंतिम यात्रा मे शामिल युवा,जवान,गाँव क्षेत्र के लोगो के आँखों से अश्रु छलक पड़े । 255 मीडियम रेजिमेंट महाराष्ट्र के नासिक के देवलानी में तैनात आशीष यादव गांव के चंद्रजीत सिंह यादव उर्फ झल्लू का तीन संतानो मे सबसे बड़ा पुत्र था । वर्ष 2023 में फरवरी माह में भारतीय थल सेना में भर्ती हुआ था ।
आपको बताते चलें अवकाश लेकर घर आए आशीष 25 दिसंबर को वापस ड्यूटी पर चले गए थे । इसके बाद उसे तेज बुखार आने पर सेना ने मुंबई के अश्वनी नेवी हॉस्पिटल में 4 जनवरी को भर्ती कराया था । जहां पर अग्निवीर जवान की इलाज के दौरान मौत हो गई थी । सोमवार को एंबुलेंस से शव गाँव पहुँचा । मंगलवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया ।
नायब सूबेदार अशोक कुमार यूनिट 255 मीडियम रेजिमेंट नासिक देवलानी और नायब सूबेदार विजय कुमार 246 बटालियन प्रयागराज की मौजूदगी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया । इस मौके पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में युवा भी पहुंचे । मां संगीता देवी का रो-रो करके बुरा हाल रहा । 16 वर्ष की बहन संध्या व 11 वर्ष का भाई सौरभ है । पिता चंद्रशेखर यादव दूध का कारोबार करते हैं ।
