कासमपुरगढ़ी (बिजनौर) । ग्राम सीरबासुचंद में जिम करके घर आए एक युवक की हृदयगति रुक जाने से मृत्यु हो गई । भाई के साउथ अफ्रीका से घर पहुंचने पर मृतक का अंतिम संस्कार होगा ।
ग्राम सीरबासुचंद निवासी देवेंद्र सिंह उर्फ कालू (27) पुत्र रणवीर सिंह बृहस्पतिवार की रात बजे जिम करके घर आया और फिर बाजार टहलने चला गया । चाचा जितेन्द्र कुमार ने बताया कि बाजार से टहलने के बाद उसने दूध पिया । इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई । उसे चिकित्सक के पास लेकर गए । लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी ।
आठ माह पूर्व ही हुई थी शादी
देवेंद्र सिंह खेती करता था । उसका भाई ठाकुर सिंह उर्फ रिंकू दक्षिण अफ्रीका में कार्य करता है । परिजनों के मुताबिक आठ माह पूर्व ही देवेंद्र सिंह की शादी उत्तराखंड के जसपुर के ग्राम वीरपुरी में हुई थी । रिंकू के साउथ अफ्रीका से आने के बाद ही देवेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा ।
