गाजीपुर/फतेहपुर । चने की कटी फसल को उठाने में रास्ते को लेकर हुए विवाद में रविवार भोर पहर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियार व लाठी-डंडों से हमला कर दिया । हमले में एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई । वहीं मारपीट के बीच में आये मृतक किसान के दो भतीजे भी गंभीर रूप से घायल हो गये । घायलो को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना कस्बा निवासी अमित उर्फ रामू सिंह पुत्र झल्लर सिंह गांव में खेती किसानी करता था । परिजनों ने बताया कि कस्बा स्थित एक गेस्ट हाउस के पीछे खेतो में रविवार की सुबह वह दो भतीजे धनंजय सिंह व ऋषिराज सिंह के साथ चने की कटी फसल को मजदूरों को लेकर लादने गया था । जहाँ रास्ते को लेकर पड़ोसी गांव के टिहरी पाल के साथ झगड़ा हो गया । तभी टिहरी व उसके अन्य साथियों ने रामू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया । घटना में रामू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई । वहीं भतीजे धनंजय व ऋषिराज गंभीर रूप से घायल हो गये ।
जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने धनंजय सिंह व ऋषिराज को इलाज के जिला अस्पताल पहुंचाया । बताया जा रहा है कि दोनों में पहले से आपसी रंजिश भी थी,जिसके चलते आधा दर्जन लोगों ने पीट-पीटकर रामू को मौत के घाट उतार दिया ।
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश की लेकिन तब तक सभी फरार हो चुके थे ।

मामले में एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची है । शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है । मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है । शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी ।
