– ईद व नवरात्रि पर्व को लेकर हुई शांति समिति की बैठक
फतेहपुर । ईद के त्योहार सहित आगामी सभी त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर थानास्तरीय शांति समिति की बैठक शनिवार को पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह के निर्देशानुसार असोथर थाना परिसर में सम्पन्न हुई । पुलिस अधीक्षक ने इसमें एक-एक कर सभी शान्ति समिति के सदस्यों से बातचीत कर उनकी समस्याएँ सुनी और पूरी ज़िम्मेदारी के साथ समाधान कराने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये । साथ ही समिति के सदस्यों को सुरक्षा व मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर किसी भी प्रकार की अन्य व्यवस्था के दृष्टिगत जरूरी सतर्कता बरतने के लिए कहा ।
पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने कहा कि रमजान का महीना चल रहा है और शुक्रवार को अलविदा की नमाज अदा की गई है । इसके बाद नौ अप्रैल को चैत्र मास नवरात्रि की शुरुआत हो जाएगी ।
वही 10 या 11 अप्रैल को ईद का त्यौहार,14 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती और 17 अप्रैल को रामनवमी का त्यौहार मनाया जाना है । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पिछले सभी त्यौहार सकुशल और अच्छे वातावरण में संपन्न हुए हैं । साथ ही कहा कि सभी जनपदवासी और क्षेत्रवासी आगामी ईद के त्यौहार सहित अन्य त्यौहारों को भी परम्परागत,पूरे हर्षोल्लास व शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं । जनपद में कोई नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी । कहा कि कोई ऐसा कार्य न किया जाए, जिससे किसी की भावना को ठेस पहुँचे ।
उन्होंने शांति क्षेत्र के संभ्रांत समिति के सदस्यों से कहा कि अलविदा की नमाज और ईद के दिन की नमाज सम्मान जनक तरीके से मस्जिद या ईदगाह के अंदर पढी जाएगी,सड़क पर कोई भी नमाज नहीं पढेगा । उन्होंने अधिकारियों से चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के दृष्टिगत मंदिरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।
उन्होंने जनपद की सभी मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर बेहतर साफ सफाई के इंतजाम के लिए नगर पंचायत के ईओ को नगरीय क्षेत्रों में और ग्रामीण क्षेत्रो में डीपीआरओ को निर्देशित किया । साथ ही पीने के पानी की उपलब्धता को सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया ।
उन्होंने विद्युत वितरण खण्ड के सभी एक्सईएन को यह सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया कि विभिन्न स्थानों पर जर्जर खम्भे व केबल एवं लटके तार ना हो । उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को अभियान चलाकर नकली खोया, मिठाई, मेवा और पनीर जैसे खाद्य पदार्थों का सैंपल लेकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया ।
एसपी उदय शंकर सिंह ने कहा कि गरिमा के अनुरूप और शांतिपूर्ण ढंग से ही चुनाव संबंधी मतदान के साथ साथ सभी त्यौहार मनाया जाए । उन्होंने सभी शांति समिति के सदस्यों से कहा कि कोई भी फर्जी या भ्रामक खबर की सूचना मिलने पर उसकी तत्काल सूचना जिला प्रशासन या अपने पास के थाने में अवश्य दें, जिसका संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके, जिससे जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बना रहे । उन्होंने थानों में होने वाली शांति समिति की बैठकों में पिछले वर्षों के चिन्हित स्थानों के बारे में सावधानी बरतने का निर्देश दिया । कहा कि यदि क़ानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ हुआ तो कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ।

वही बैठक में नायब तहसीलदार लक्ष्मी बाजपेई,क्षेत्राधिकारी थरियांव अरुण कुमार रॉय, अधिशाषी अधिकारी एचपी सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष नीरज सिंह सेंगर और कार्यक्रम के संचालक अमित दत्त अग्निहोत्री सहित अन्य अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्यों में अनिल राज गुप्ता,निर्मल सिंह चौहान, राजू नंदी, सरवर खान, पुर बुजुर्ग प्रधान प्रतिनिधि राजू मौर्य,प्रधान प्रतिनिधि राम लखन निषाद, अन्नू केशरवानी,सराय प्रधान प्रतिनिधि लक्ष्मी शंकर, बिलारीमउ प्रधान प्रतिनिधि मेवा लाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजेश गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद थे ।
इनसेट
बैठक के अंत में शांति समिति के सदस्यों से लोकतंत्र के पर्व में भाग लेने की अपील पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने थाना क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से आए शांति समिति के सदस्यों से कहा कि इन धार्मिक त्यौहारों के अलावा लोकतंत्र का त्यौहार निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर भी चल रहे प्रयास पर अपील की गई । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 की घोषणा हो चुकी है । उन्होंने सभी सदस्यों से अपील किया कि आप लोग लोकतंत्र के इस त्यौहार में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जनपद के मतदान प्रतिशत को बढ़ाने में सहयोग करें । आयोग द्वारा 70% के मतदान का लक्ष्य रखा गया है, इस लक्ष्य को प्राप्त करने में आप लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी । उन्होंने समिति के सदस्यों से अपने आसपास के लोगों को स्वेच्छा से मतदान के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया ।
