– कृष्णा विद्यालय जूनियर हाईस्कूल की प्रबंध समिति ने उप जिलाधिकारी को मांग पत्र देकर मांगा रास्ता
बिन्दकी/फतेहपुर । तहसील के पीछे नई बस्ती बिन्दकी वार्ड क्रमांक 13 के 200 से अधिक निवासियों के लिए कृष्णा विद्यालय जूनियर हाई स्कूल की प्रबंध समिति ने उपजिलाधिकारी बिन्दकी को एक मांग पत्र देकर निर्माणाधीन उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन विभाग के बस स्टाप से 20 फुट चौडा रास्ता की मांग की है । पूर्व में इसी बस स्टाप से लगभग 30 वर्षो से बस्ती के लोगों के आवागमन का रास्ता रहा है । किन्तु नए बस स्टाप के निर्माण में विभाग के निर्देश पर कार्यदाई संस्था रास्ते को बाउंड्री वाल बनाकर अवरुद्ध कर रही है ।
मांग पत्र में बताया गया है कि वार्ड संख्या 13 नई बस्ती की आबादी 500 से अधिक है । बस्ती में विद्यालय है जहाँ के लोगों के आवागमन का कोई रास्ता नही है । अगर आग लगने जैसी घटना हो जाए तो अग्निशमन की गाड़ी भी नहीं जा पाएगी छात्र-छात्राओं के आवागमन के लिए भी कोई रास्ता नहीं है । बस स्टाप से आवागमन का रास्ता रहा है । अगर यह रास्ता बंद हो गया तो नई बस्ती में रहने वाले परिवारों को रास्ता के अभाव में अन्यत्र पलायन करने के लिए विवश होना पडेगा । इसलिए जनहित को ध्यान में रखकर आवागमन के लिए 20 फुट चौडा आम रास्ता दिया जाना न्याय हित में है । उप जिलाधिकारी ने शीघ्र ही इस मामले के हल कराए जाने का आश्वासन दिया है ।
मांग पत्र देते समय समाजसेवी जितेन्द्र कुमार मिश्रा उर्फ अष्टावक्र के अलावा 100 से ज्यादा लोग मौजूद रहे । वही समाजसेवी जितेन्द्र कुमार मिश्रा ने कहा कि जीवन के लिए 20 फुट का रास्ता देना अनिवार्य है । क्योंकि शुरू से ही यहां से हम सब निकलते रहे यही से ही एम्बुलेंस,अग्निशमन गाड़ियां आती है कोई और जगह नही है । इसलिए इसके लिए हमे कुछ भी करना पड़े वो करेगे लेकिन सभी नागरिकों के लिए मैं अपनी आवाज उठाता रहूंगा ।
