– सुरक्षाकर्मियों एवं ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सहारनपुर । जिला मजिस्ट्रेट डॉ० दिनेश चंद्र जनता रोड स्थित सेंट्रल वेयर हाउस में पहुंचे और वहां रखी ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था को जांचा । ईवीएम की सुरक्षा को लेकर डीएम बेहद संवेदनशील हैं ।
डॉ० दिनेश चंद्र सेंट्रल वेयर हाउस पर पहुंचे और काफी देर तक जांच-पड़ताल की । उन्होंने पिछले दिनों की सभी सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर चेक की । वहां तैनात अर्धसैनिक बल के जवानों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि किसी वाहन को अंदर नहीं जाने दिया जाए । यदि कोई अधिकारी भी निरीक्षण को आ रहे हैं तो उनकी कार को चेक करें और उनकी पूरी पहचान करने के बाद ही अंदर जाने दिया जाए ।
सहारनपुर और कैराना लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल को चुनाव हुआ था । मतदान के बाद ईवीएम को सेंट्रल वेयर हाउस में कड़ी सुरक्षा में रखे गए हैं । यहां अर्धसैनिक बलों और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है । पूरे सेंट्रल वेयर हाउस में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं । एक कंट्रोल रूम बनाया है, जहां पर एलईडी लगाई गई है । डीएम सेंट्रल वेयर हाउस पहुंचे और कैमरों के अलावा ईवीएम की सुरक्षा परखी ।
