कानपुर । महाराजपुर थाना परिसर में शनिवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया । इस दौरान उन्होंने फरियादियों की शिकायतों को सुना और तत्काल मौके पर टीमें भेजकर जमीन संबंधित मामलों को निस्तारित कराया । डीएम ने शिकायतें सुनने के दौरान करीब दो टीमों को जमीन सम्बंधित मामलों में सुनवाई के लिए मौके पर जांच कर मामले का निस्तारण कराने का निर्देश दिए । इस दौरान डीएम ने अन्य शिकयतों के लिए सम्बंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए । श्याम नगर निवासी आरती देवी पत्नी अनिल कुमार उमराव का सरसौल सीएचसी के पास एक प्लाट राजस्व अभिलेखों में आवासीय दर्ज है । जिसमें बनी दुकान पर भाजपा नेता गणेश शंकर शुक्ला कई सालों से जबरजस्ती कब्जा किए थे । डीएम ने मौके पर टीम भेजकर कब्जा को मुक्त कराया ।
वहीं गंगागज में जमीनी मामले को लेकर मौके पर टीम भेज कर निस्तारण के दिशा-निर्देश दिए हैं । डीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जीरो टालरेंस नीति के आधार अपराधियों, भू-माफियाओं, सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए । आपसी विवाद के मामलों में दोनों पक्षों को बुलाकर सहमति के आधार पर मामले का निस्तारण किया जाए । आयोजित थाना समाधान दिवस में जैसे ही जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह पहुंचे तो वहां मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया । समाधान दिवस में करीब आधा दर्जन शिकायतें आईं दो का मौके पर ही निस्तारण किया गया अन्य शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए ।
इस दौरान उपजिलाधिकारी नरवल ऋषभ वर्मा, संजय पांडेय इंस्पेक्टर महाराजपुर,कानूनगो व लेखपाल समेत सम्बंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे ।
