असोथर/फतेहपुर । शौंच करते वक्त 8 महिलाओं की अश्लील वीडियो और फोटो बनाने वाले पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है । 15 दिन पहले परेशान महिलाओं ने युवक की हरकतों से हताश होकर स्थानीय थाने में नामजद लिखित तहरीर दी थी । जिसमें पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी मजरे कुसियापुर गांव निवासी फूलकुमार निषाद उर्फ मुखिया पूर्व बीडीसी सदस्य था ।
बीते 10 अगस्त को 8 महिलाओं ने थाना पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया था कि फूलकुमार निषाद शौच के लिए जाते समय चोरी छिपे इन सभी महिलाओं का मोबाइल से अश्लील वीडियो बनाता था । साथ ही फोटो भी खींचे थे । विरोध करने पर वीडियो और फोटो को वायरल करने की धमकी देकर महिलाओं से छेड़खानी करता था । जिसमें महिलाओं ने तंग आकर मुकदमा दर्ज कराया था । महिलाओं की पुलिस से शिकायत करने की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया था । पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी ।
शनिवार की दोपहर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गांव में ही उसके घर के सामने से धर दबोचा ।
थाना प्रभारी अरविंद मौर्य ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है । जहां से न्यायिक अभिरक्षा में उसे जिला कारागार भेज दिया गया ।
