बिन्दकी/फतेहपुर । घर के बरामदे में चार्जिंग में लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया । लोगों ने देखा तो सभी ने मिलकर आग को बुझाया लेकिन तब तक स्कूटी जलकर खाक हो चुकी थी । इलेक्ट्रिक स्कूटी में चार्जिंग के दौरान आग लगने से घर की वायरिंग छत का पंखा सहित हजारों रुपए की संपति का नुकसान हो गया । जानकारी के अनुसार नगर के ललौली रोड कैलाश मंदिर के समीप गल्ला व्यापारी सुधीर गुप्ता पुत्र नन्हेंलाल गुप्ता का मकान है ।
शुक्रवार की रात को उन्होंने अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी को चार्जिंग के लिए घर के बरामदे में लगा दिया था । रात भर इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग में लगी रही । शनिवार की सुबह करीब 5 बजे अचानक स्कूटी में आग लग गई । लोगों ने देखा तो हड़कंप मच गया और मौके पर काफी भीड़ लग गई । गृह स्वामी ने मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर किसी तरह आग को बुझाया लेकिन तब तक इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी । साथ ही घर की वायरिंग जल गई और छत के पंखे के साथ गृहस्थी का अन्य सामान समेत हजारों की संपत्ति स्वाहा हो गई ।
