बिन्दकी/फतेहपुर । राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिन्दकी में नव प्रवेशित छात्राओं के लिए एक शानदार अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की सम्माननीय प्राचार्य डॉ. सपना पांडेय ने की । कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई । इसके पश्चात महा विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई । स्वागत गीत का प्रस्तुतीकरण बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं द्वारा किया गया ।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सपना पांडेय ने अपने उद्घाटन उद्बोधन में महाविद्यालय के मिशन और विजन पर विस्तार से प्रकाश डाला । उन्होंने छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर देते हुए महा विद्यालय की विशिष्ट सुविधाओं की जानकारी दी ।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय न केवल उच्च शिक्षा प्रदान करता है । बल्कि यहाँ छात्राओं के नैतिक,बौद्धिक और सामाजिक विकास पर भी ध्यान दिया जाता है । साथ ही, उन्होंने अपने विषय अंग्रेजी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी साझा कीं,जिससे छात्राओं को भविष्य में करियर बनाने में मदद मिलेगी ।
महाविद्यालय में अत्याधुनिक लाइब्रेरी,कंप्यूटर लैब और वाचनालय जैसी सुविधाएँ मौजूद हैं जहाँ छात्राएँ अपनी शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ अन्य कौशलों का भी विकास कर सकती हैं महाविद्यालय में विभिन्न क्लब और समितियों का गठन किया गया है । जिनके माध्यम से छात्राएँ सांस्कृतिक,खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन कर सकती हैं ।
राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. अरविंद शुक्ला और डॉ. चंद्रा ने छात्राओं को राजनीति विज्ञान में करियर बनाने के अवसरों पर जानकारी दी । उन्होंने इस विषय की उपयोगिता और अध्ययन से प्राप्त होने वाले लाभों पर जोर दिया ।
हिंदी विभाग की अध्यक्ष डॉ. प्रियंका रानी ने हिंदी के महत्त्व पर चर्चा की । उन्होंने बताया कि हिंदी सभी भाषाओं की जननी है और इसे पढ़कर छात्राएँ विभिन्न क्षेत्रों में उज्ज्वल भविष्य बना सकती हैं ।
संस्कृत विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रत्नेश विश्कर्मा ने संस्कृत भाषा की प्राचीन और आधुनिक उपयोगिता पर प्रकाश डाला । उन्होंने छात्राओं को संस्कृत के ऐतिहासिक महत्त्व और इसकी वर्तमान युग में प्रासंगिकता के बारे में जागरूक किया ।
अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर डॉ. अमित जायसवाल ने अर्थशास्त्र के महत्त्व और पाठ्यक्रम से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियों को छात्राओं के साथ साझा किया । उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी भी दी । जो उनके शैक्षणिक विकास में सहायक सिद्ध होंगी ।
कॉमर्स विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक गुप्ता ने छात्राओं को वाणिज्य से संबंधित विषयों की जानकारी देने के साथ-साथ महा विद्यालय में संचालित रोड सेफ्टी क्लब के बारे में भी बताया । इसके अलावा, प्राध्यापक डॉ. अमित मौर्या ने छात्रवृत्ति से संबंधित सभी जानकारियाँ दीं और छात्राओं को किसी भी समस्या में सहायता का आश्वासन दिया ।
कार्यक्रम का सफल संचालन समाजशास्त्र विभाग के प्रमुख डॉ. सुशील कुमार द्वारा किया गया । इस आयोजन में छात्राओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया, साथ ही उनके अभिभावकों की भी उपस्थिति रही । जिससे कार्यक्रम और भी अधिक प्रेरणादायक हो गया ।
इस अभि विन्यास कार्यक्रम का उद्देश्य नव प्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से अवगत कराना था । ताकि वे अपने करियर और व्यक्तित्व विकास के लिए सही दिशा में अग्रसर हो सकें ।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सपना पांडेय के नेतृत्व में यह महा विद्यालय छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर प्रयासरत है । महाविद्यालय का उद्देश्य है कि छात्राएँ शिक्षा के हर क्षेत्र में सफल हों और अपने जीवन में उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें । राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिन्दकी फतेहपुर अपने छात्राओं के शैक्षणिक और सामाजिक विकास के लिए सदैव तत्पर है ।
