– काटी हुई फसल की अनुमानित कीमत मांगने पर किसान को पीटा
बिन्दकी/फ़तेहपुर । थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में किसान की खड़ी फसल पड़ोसी द्वारा दबंगई से काट ली गई थी । उसी फसल के बदले में पीड़ित द्वारा पैसे की मांग करने पर उपरोक्त पड़ोसियों ने उसकी पिटाई कर दी ।
तेंदुली गांव निवासी छेदी लाल कुशवाहा पुत्र रघुवीर कुशवाहा ने बिन्दकी कोतवाली में शिकायत करते हुए बताया कि उसके पड़ोस के रहने वाले अतुल शुक्ला पुत्र मुन्नी शुक्ला से उसका काटी हुई फसल का 51 हज़ार का लेनदेन का विवाद है । कुछ समय पहले उपरोक्त पड़ोसी ने दबंगई की हनक पर पीड़ित की पूरी फसल काट ली थी । विगत मंगलवार की रात किसान के द्वारा फसल की अनुमानित कीमत मांगने पर पड़ोसी अतुल ने पीड़ित छेदीलाल की पिटाई कर दी । पिटाई के कारण छेदीलाल के शरीर पर अंदरूनी चोटे आई हैं ।
इस मामले में कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडे ने बताया कि पीड़ित किसान छेदी लाल कुशवाहा की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है । कार्रवाई की जा रही है ।
