बिन्दकी/फतेहपुर । पॉवर हाउस परिसर में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ की एक बैठक हुई ।
बैठक में कहा गया कि बिन्दकी डिवीजन के कर्मचारियों से अनुबंध के अनुसार काम नहीं लिया जाता है बल्कि अधिक काम लिया जाता है । कर्मचारियों का स्थानांतरण दूर किया गया है । इसके अलावा 8 घंटे से अधिक का काम लिया जाता है । चेतावनी दी गई कि यदि मांगे पूरी नहीं हुई तो कार्य का बहिष्कार किया जाएगा ।
सोमवार को नगर के निकट खजुहा रोड स्थित पावर हाउस परिसर में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारियों की एक बैठक हुई ।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक माधुरे ने कहा कि बिन्दकी डिवीजन के कर्मचारियों की समस्याएं बढ़ती जा रही है । जिसकी शिकायतें लगातार मिल रहीं है । इसी को लेकर यह बैठक हुई ।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का स्थानांतरण 30 से 50 किलोमीटर दूर किया गया है । जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । इसके अलावा कर्मचारियों से 8 घंटे से अधिक काम लिया जा रहा है तथा महीने में 26 दिन के स्थान पर 30 दिन काम लिया जाता है ।
इस मौके पर संघ के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार कश्यप ने कहा कि कर्मचारियों से राजस्व वसूली डिस्कनेक्शन तथा पेड़ कटाई का भी काम कराया जाता है । जो हमारे अनुबंध में नहीं है हमारी मांग है कि अनुबंध के अनुसार ही काम लिया जाए यदि मांगे पूरी नहीं होती तो कार्य का बहिष्कार किया जाएगा ।
इस मौके पर संघ के जिला कार्यवाहक अध्यक्ष जय प्रकाश शुक्ला के अलावा शत्रुघ्न सिंह जितेंद्र सिंह चौहान राकेश कुमार सोनकर बलजीत रामबरन महेंद्र कुमार टिंकू सहित सैकड़ो लोग मौजूद रहे ।
