बकेवर/फतेहपुर । थाना बकेवर के अंतर्गत भैसौली गाँव में ट्रैक्टर पलटने से एक दर्दनाक हादसा हो गया । जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई । युवक ट्रैक्टर में बैठकर बाजरा लादने जा रहा था, तभी हादसा हो गया ।
घटना में मृतक मनीष उर्फ पुत्तीलाल उम्र 20 वर्षीय पुत्र रामसजीवन की ट्रैक्टर दुर्घटना में मौत हो गई । घटना शुक्रवार की शाम की है जहाँ मनीष गाँव के ही मेराज खान के ट्रैक्टर में बैठकर उनके साथ बाजरा लेने के लिए जा रहा था ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक ट्रैक्टर को लापरवाही से तेज गति से चला रहा था । तभी अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया । जिसमें दबकर मनीष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई । घटना में चालक को भी कुछ चोटे आयी है । घटना के बाद मृतक मनीष की मौत से उसकी गर्भवती पत्नी व बेटी समेत सभी परिवारजनो रोरोकर बेहाल थे सूचना पर बकेवर थाने से पुलिस बल भी मौके पर पहुँचा व शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा ।
बकेवर थानाध्यक्ष संगीत सिंह ने बताया कि पिता रामजीवन ने थाने में तहरीर दी है । जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है । शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ।
