फतेहपुर । जनपद में आयोजित एक कार्यक्रम में भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद उर्फ रावण ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला किया ।
उन्होंने प्रदेश में भय के माहौल और कानून-व्यवस्था के बुरे हालात की आलोचना की । जहां चंद्रशेखर ने फतेहपुर में पत्रकार दिलीप सैनी की हत्या और अन्य आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है ।
उन्होंने वादा किया कि वह इस घटना को संसद में उठाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे । कार्यक्रम के दौरान चंद्रशेखर ने सरदार पटेल और चौधरी महाराज सिंह भारती को श्रद्धांजलि दी और अंबेडकर पार्क में बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया ।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था चिंताजनक है और इसे “जंगल राज” की स्थिति में बताया । चंद्रशेखर ने 2027 के बाद योगी सरकार को सत्ता में वापस नहीं आने देने का संकल्प लिया और अपने “जाति तोड़ो, समाज जोड़ो” अभियान के तहत लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया ।
उन्होंने मौजूदा सरकार को तानाशाह करार देते हुए कहा कि जनता को भयमुक्त और समानता पर आधारित समाज का निर्माण करना चाहिए ।
